देहरादून में रिटायर्ड BRO अधिकारी से 9.05 लाख रुपये की साइबर ठगी, पुलिस को दी तहरीर
देहरादून में एक सेवानिवृत्त बीआरओ अधिकारी साइबर ठगी का शिकार हो गए, जहां बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बनकर ठगों ने उनके दो खातों से 9.05 लाख रुपये निकाल लिए।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सेवानिवृत्त बीआरओ अधिकारी से 9.05 लाख रुपये की ठगी।
बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बनकर ठगों ने की धोखाधड़ी।
कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। बैंक ऑफ बड़ौदा का रिटायर्ड पेंशनर कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त बीआरओ अधिकारी को अपना शिकार बनाते हुए उनके दो बैंक खातों से करीब 9 लाख 5 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने इस मामले में कैंट कोतवाली में तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बल्लूपुर एन्क्लेव निवासी बाल कृष्ण भटनागर ने बताया कि वह पेंशनभोगी हैं। 04 नवंबर की शाम करीब छह बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।
फोन करने वाले ने स्वयं को बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनके लिए विशेष रिटायर्ड पेंशनर कार्ड बनाया जाना है। इसके लिए कुछ व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारियां आवश्यक बताई गईं।
इसके बाद ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक और फॉर्म भेजा। व्हाट्सएप प्रोफाइल पर बैंक ऑफ बड़ौदा के रिटायर्ड पेंशन कार्ड से संबंधित तस्वीरें और पोस्टर लगे हुए थे। बैंक का नाम और संबंधित सामग्री देखकर पीड़ित को बातचीत वास्तविक लगी और उन्होंने मांगी गई जानकारियां साझा कर दीं।
ठगों ने 5 और 6 नवंबर को भी फोन कर अतिरिक्त जानकारियां मांगीं। 07 नवंबर को दोबारा फोन आने पर उन्हें संदेह हुआ कि उनके साथ कोई धोखाधड़ी हो रही है। इसके बाद वह तत्काल शाम करीब पांच बजे बैंक ऑफ बड़ौदा की बल्लूपुर शाखा पहुंचे। जहां पता चला कि उनके खाते से रकम निकाल ली गई है।