देहरादून में 14 लाख रुपये की लूट मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, 70 हजार रुपये बरामद
देहरादून के पटेलनगर में 14 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पटेलनगर कोतवाली पुलिस की ओर से गिरफ्तार लूट के आरोपित
HighLights
पटेलनगर में 14 लाख रुपये की लूट के दो आरोपित गिरफ्तार।
गिरफ्तार आरोपितों से 70 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई।
लूटकांड में अब तक कुल पांच बदमाश पकड़े जा चुके हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो अन्य आरोपितों को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपितों की पहचान गांव गुरुगोटा, जिला बहराइच उत्तर प्रदेश वर्तमान में देहराखास में रहने वाले कर्ण यादव और गांधीग्राम पटेलनगर निवासी सोहेल अख्तर उर्फ साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित कर्ण यादव को चंबा टिहरी गढ़वाल जबकि सोहेल अख्तर उर्फ साहिल को पटेल नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके पास से लूट के 70 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
इस मामले में पुलिस तीन आरोपितों रोहित नगर बुग्गावाला रोड बिहारीगढ़ और वर्तमान में देहराखास में किराए के मकान पर रहने वाला सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, सुंदरपुर निवासी बिहारीगढ़ वर्तमान में रामलीला ग्राउंड पटेलनगर ईस्ट में रहने वाला जसमीत सिंह और राजपुर रोड निवासी शक्ति सिंह को पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हरिपुरकलां, मोतीचूर रायवाला निवासी राजेश कुमार ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि सात नवंबर की दोपहर को वह पथरीबाग स्थित एक प्लाट का सौदा करने के लिए देहरादून आए थे। उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार व गुरविंदर भी साथ थे।
कार में बैठकर वह इंदिरेश अस्पताल की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान अस्पताल के पास 4-5 युवक एक्टिवा व बाइक पर सवार होकर आए। आरोपितों ने मारपीट करते हुए पैसों का भरा बैग छीन लिया। अब तक गिरफ्तार पांच आरोपितों के पास से 2.20 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। इस मामले में सिद्धांत बडोनी अभी फरार चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।