दीपावली से पहले देहरादून में बढ़ा वायु प्रदूषण, सांस के मरीजों के लिए चेतावनी
दीपावली से पहले देहरादून की हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है, घंटाघर क्षेत्र में एक्यूआइ 150 से अधिक ...और पढ़ें

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। दीपावली से पहले ही राजधानी दून की हवा में जहर घुल गया है। बीते कुछ दिनों से शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) लगातार खराब हो रहा है। बीते शुक्रवार को घंटाघर क्षेत्र का एक्यूआइ 140 रिकार्ड किया गया, जो सामान्य सीमा से कहीं अधिक है। जबकि, यह शनिवार रात को 150 से अधिक रहा।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि दीपावली के दिन यानि आज प्रदूषण का स्तर दोगुना पहुंच सकता है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए सांस और फेफड़ों के मरीजों के लिए हालात खतरनाक हो सकते हैं।
सर्द मौसम में हवा की गति धीमी पड़ने और पटाखों के धुएं के कारण वायुमंडल में धूल और धुएं के कण (पीएम 2.5 व पीएम 10) ठहर जाते हैं, जिससे हवा की गुणवत्ता और गिर जाती है।
उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदेश के 13 शहरों में वायु गुणवत्ता की 24 घंटे निगरानी शुरू की है। यह थर्ड पार्टी मानिटरिंग एक नवंबर से 15 नवंबर तक की जा रही है। देहरादून में इसके लिए घंटाघर, नेहरू कालोनी और दून विवि क्षेत्र में मापन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
दीपावली पर बढ़ेगी चिंता
विशेषज्ञों का कहना है कि दीपावली की रात पटाखों के धुएं और सर्द मौसम के मेल से वायु गुणवत्ता और गिर जाएगी। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पर्यावरण विशेषज्ञों ने नागरिकों से पटाखों का सीमित उपयोग करने और पर्यावरण मित्र दीपावली मनाने की अपील की है।
----
पांच दिन में बढ़ा प्रदूषण स्तर
तारीख, घंटाघर (एक्यूआइ), नेहरू कालोनी (एक्यूआइ)
छह नवंबर, 140, 106
पांच नवंबर, 119, 98
चार नवंबर, 106, 93
तीन नवंबर, 110, 95
दो नवंबर, 119, 98
एक नवंबर, 112, 93
(100 से अधिक एक्यूआइ सांस के रोगियों के लिए हानिकारक माना जाता है)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।