देहरादून में ऑनलाइन कारोबार के नाम पर शख्स से 13 लाख की धोखाधड़ी, पैसे वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
देहरादून में ऑनलाइन कारोबार के जरिए 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां कारोबारी जावेद हुसैन ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ऑनलाइन कारोबार के नाम पर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी।
रुड़की के कारोबारी जावेद हुसैन ने फर्म मालिक पर आरोप लगाया।
रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी मिली, मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, देहरादून। ऑनलाइन कारोबार के जरिए बेचे गए उत्पादों की रकम खाते में ट्रांसफर नहीं करने पर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रुड़की निवासी कारोबारी जावेद हुसैन ने राजपुर रोड स्थित प्रीमियम लाइट वर्क फर्म के मालिक आदिल खुसरो पर रकम हड़पने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित की तहरीर पर राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायत के अनुसार, जावेद हुसैन ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रीमियम लाइट वर्क फर्म के उत्पादों की बिक्री करते थे। उत्पादों की बिक्री से मिलने वाली पूरी धनराशि फर्म के बैंक खाते में जमा होती थी। इसके बाद फर्म का मालिक आदिल खुसरो 15 प्रतिशत कमीशन काटकर शेष रकम जावेद के खाते में ट्रांसफर करता था।
दोनों के बीच इसी व्यवस्था के तहत कारोबार चल रहा था। आरोप है कि 15 दिसंबर 2025 से आदिल खुसरो ने जावेद के खाते में रकम भेजनी बंद कर दी। धीरे-धीरे करीब 13 लाख रुपये की धनराशि बकाया हो गई।
जावेद का कहना है कि उन्होंने कई बार फोन कर अपनी रकम मांगी, लेकिन आदिल हर बार जल्द भुगतान करने का आश्वासन देकर टालता रहा। वह कहता था कि आज ही पैसे खाते में डाल दिए जाएंगे, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।
मुनाफे का झांसा देकर महिला से 11.21 लाख की ठगी
दूसरी ओर देहरादून में निवेश पर हर महीने आठ प्रतिशत निश्चित मुनाफे और क्लाउड प्रोजेक्ट से नियमित कमाई का झांसा देकर आरोपितों ने एक युवती से 11.21 लाख रुपये की ठगी कर दी। इस मामले में राजपुर थाना पुलिस ने रवि डंगवाल, अश्विन कुमार और रवि की पत्नी पूजा डंगवाल उर्फ प्रीति बिष्ट समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में खयानत और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता सहस्त्रधारा रोड निवासी जया भारती ने बताया कि अगस्त 2024 में एक परिचित के माध्यम से रवि डंगवाल से उनकी जान-पहचान हुई थी। खुद को वित्तीय सलाहकार बताकर रवि ने उनका विश्वास जीता। अक्टूबर 2024 में उसने एक प्रोजेक्ट में निवेश का प्रस्ताव दिया। इसमें प्रत्येक यूनिट पर करीब 22,748 रुपये मासिक आय का दावा किया गया।
महिला ने दो किस्तों में 6.21 लाख रुपये आरोपितों खाते में जमा कराए। इसके बाद अप्रैल 2025 में रवि ने फारेक्स ट्रेडिंग के नाम पर आठ प्रतिशत मासिक रिटर्न का भरोसा दिलाया। इस सिलसिले में पांच लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा कराए गए। आरोप है कि ट्रेडिंग खाते का पासवर्ड और ओटीपी भी रवि ने अपने नियंत्रण में रखे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।