विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर फलौदा-भूराहेड़ी में फ्लाईओवर निर्माण कार्य तेज, हादसों पर लगेगी लगाम और जाम से मिलेगी मुक्ति

By Jishan Mohamad Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 16 Nov 2026 01:31 PM (IST)

दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर फलौदा और भूराहेड़ी चेकपोस्ट पर दो फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से चल रहा है। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

दिल्ली-देहरादूर हाईवे के भूराहेड़ी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर। जागरण

दिल्ली-देहरादूर हाईवे के भूराहेड़ी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर। जागरण

HighLights

  1.  फ्लाईओवर से स्थानीय लोगों को जाम और सड़क हादसों से मिलेगी मुक्ति।

  2. हादसों में कई लोगों की जा चुकी है जान और कई हो चुके हैं घायल।

संवाद सूत्र, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर फलौदा व भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। दोनों फ्लाईओवर बनने से पुरकाजी से सटे हुए 20 से अधिक गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। दोनों फ्लाईओवर के निर्माण होने के बाद जहां स्थानीय लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं हादसों में कमी आएगी।

दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक है। इस पर दिन-रात हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। पुरकाजी क्षेत्र में फलौदा और भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर हाईवे को पार करना स्थानीय लोगों के लिए चुनौती बना हुआ था।

उत्तराखंड सीमा के बाद भूराहेड़ी पहला गांव है। फलौदा व भूराहेड़ी के बीच तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। वहीं, फलौदा व भूराहेड़ी चौक पर सड़क पार करते समय भी कई हादसे हो चुके हैं।

तेज रफ्तार ट्रक, बस और कार की चपेट में आकर कई लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए तो हाईवे पार करना बेहद खतरनाक था।

स्थानीय निवसी शाह आलम गौड़, कृष्ण पाल सिंह व फलौदा के मुकेश त्यागी, सुंदरपाल ने बताया कि कई वर्षों से फ्लाईओवर की मांग की जा रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने से खुशी है। फलौदा और भूराहेड़ी पर सुबह-शाम जाम लगता है।

गन्ने के सीजन में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है। फ्लाईओवर बनने के बाद हाईवे पर चलने वाले वाहन ऊपर से निकल जाएंगे और नीचे से स्थानीय वाहन आसानी से आ-जा सकेंगे।

एनएचएआइ के प्रोजेक्ट इंजीनियर आकाश ने बताया कि कुंभ से पहले हाईवे के गड्ढों को भरवाकर दुरुस्त कराया जा रहा है। फ्लाईओवर का निर्माण भी तेज गति से किया जा रहा। जल्द पूरा करा लिया जाएगा।

इन्होंने कहा

फलौदा-भूराहेड़ी पर फ्लाईओवर बनना बहुत बड़ी राहत है। हाईवे पार करते समय जान का डर लगा रहता था। अब बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित रूप से सड़क पार कर सकेंगे। - धर्मेंद्र राठी

हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों से आए दिन हादसे होते हैं। जाम के कारण घंटों बर्बाद हो जाते हैं। फ्लाईओवर बनने से जाम भी खत्म होगा और हादसे भी रुकेंगे। -सुरेंद्र राठी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।