Move to Jagran APP

स्मार्ट सिटी में दरबार साहिब की पेंटिंग को मिला पहला पुरस्कार Dehradun News

देहरादून स्मार्ट सिटी लि. कंपनी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पहला स्थान गुरु रामराय दरबार साहिब की पेंटिंग को दिया गया है।

By Raksha PanthariEdited By: Published: Wed, 26 Feb 2020 06:14 PM (IST)Updated: Wed, 26 Feb 2020 06:14 PM (IST)
स्मार्ट सिटी में दरबार साहिब की पेंटिंग को मिला पहला पुरस्कार Dehradun News
स्मार्ट सिटी में दरबार साहिब की पेंटिंग को मिला पहला पुरस्कार Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। प्रदेश की धार्मिक और आध्यात्मिक संस्कृति के दर्शन जन-जन को कराने के मकसद से आयोजित रंगोत्सव प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। देहरादून स्मार्ट सिटी लि. कंपनी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पहला स्थान गुरु रामराय दरबार साहिब की पेंटिंग को दिया गया है। यमुना कॉलोनी की दीवार पर उकेरे गए इस चित्र में झंडा मेले के दौरान झंडेजी के आरोहण का दृश्य है। यह पेंटिंग अनुज कुमार की टीम ने तैयार की है। 

loksabha election banner

मंगलवार को स्मार्ट सिटी के छह सदस्यीय निर्णायक मंडल ने विजेता चित्रकारों की घोषणा की। दूसरा स्थान रेंजर्स ग्राउंड की दीवार का है। इस चित्र में देव भारती की टीम ने भगवान शिव शंकर के साथ मोनाल व कस्तूरी मृग आदि के चित्र बनाए हैं। वहीं, तीसरा स्थान निकिता रावत की टीम को मिला। इस पेटिंग में चित्रकारों ने उत्तराखंड की प्रसिद्ध व पारंपरिक एपण कला को उकेरा। 

स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने शहर की दीवारों पर की गई चित्रकारी के लिए कलाकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जल्द पहले पुरस्कार के रूप में 75 हजार रुपये, दूसरे पुरस्कार में 50 व तीसरा पुरस्कार प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह प्रतियोगिता 12 दिसंबर से शुरू होकर 23 फरवरी तक चली। इसमें 27 टीमों के 142 चित्रकारों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अनूप नौटियाल, श्रीश कपूर, सतपाल सिंह गांधी, अंजलि थापा, स्मृति लता, लोकेश ओहरी शामिल रहे। 

दून बनेगा ग्रीन सिटी, स्मार्ट सिटी कंपनी नोडल एजेंसी 

दून को स्मार्ट सिटी बनाने का काम पहले ही गतिमान है और अब इसमें एक विशेषता और जुड़ गई है। दून को केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रीन सिटी बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही दून को ग्रीन सिटी बनाने के लिए नोडल एजेंसी के रूप में देहरादून स्मार्ट सिटी लि. कंपनी को जिम्मेदारी दी गई है। इस संबंध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर के लिए विभिन्न लक्ष्य तय किए गए। 

मंगलवार को आयोजित बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि दून में डीजल और पेट्रोल वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही ई-वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएं। बैठक में यह भी तय किया गया कि स्मार्ट सिटी कंपनी और ईईएसएल के माध्यम से यह काम कराए जाएंगे।

पहले चरण में एचपीसीएल संचालित पेट्रोल पंपों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। दूसरी तरफ ऊर्जा निगम को निर्देश दिए गए कि घरेलू उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट की स्थापना के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। इसके अलावा भी शहर के लिए विभिन्न कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। बैठक में ऊर्जा सचिव राधिका झा, नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे, स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, उरेडा निदेशक आलोक शेखर तिवारी, अपर सचिव विनोद कुमार सुमन आदि उपस्थित रहे। 

एक माह में मास्टर प्लान होगा तैयार 

बैठक में तय किया गया कि दून को ग्रीन सिटी बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की टास्क फोर्स बनाई जाएगी। इसके साथ ही एक माह के भीतर प्रस्तावित कार्यों के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें: हम स्मार्ट सिटी में, लेकिन घर से निकलें तो जेब में रूमाल जरूर हो Dehradun News

इन कार्यों से भी बनेगी ग्रीन सिटी 

- विभिन्न होटलों से प्राप्त होने वाले किचन वेस्ट व डेयरियों से प्राप्त होने वाले एनिमल वेस्ट से बायो-सीएनजी तैयार करने या बिजली तैयार करने की योजना बनाई जाएगी। 

- शहर के सभी मुख्य मार्गों और पार्कों में उपलब्ध भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। 

- एक घर-एक वृक्ष के लिए अभियान चलाकर लोगों हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 

- शहर के सभी सरकारी व सामुदायिक भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग कराने के लिए योजना तैयार की जाएगी। 

- ऊर्जा निगम सभी उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की सेवा देगा, इसके लिए भी योजना तैयार की जाएगी। 

यह भी पढ़ें: औली के ढलानों पर बिखरा कूड़ा आयोजकों की बदइंतजामी की करता रहा चुगली


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.