यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Coronavirus: उत्तराखंड में फिर बढ़ने लगी कोरोना की रफ्तार, रविवार को 29 लोग मिले संक्रमित
Uttarakhand Coronavirus कोविड नियमों की अनदेखी का असर दिखने लगा है। उत्तराखंड में कोरोना एक बार फिर पैर पसार रहा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Coronavirus कोविड नियमों की अनदेखी का असर दिखने लगा है। उत्तराखंड में कोरोना एक बार फिर पैर पसार रहा है। रविवार को राज्य में कोरोना के 29 नए मामले मिले हैं। यह कोरोना के दो माह में आए सर्वाधिक मामले हैं। इससे पहले 15 सितंबर को राज्य में एक दिन में 49 लोग संक्रमित मिले थे। राहत इस बात की है कि कोरोना संक्रमित किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। जबकि दस मरीज स्वस्थ हुए हैं।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का उपयोग करने में आमजन की लापरवाही तो बढ़ ही रही है, अब शारीरिक दूरी का भी कोई पालन नहीं कर रहा है। बाजार से लेकर तमाम आयोजन के दौरान बेफिक्री दिख रही है। यही कारण है कि कोरोना के मामले फिर बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निजी व सरकारी लैब से दस हजार 109 सैंपल की रिपोर्ट मिली, जिनमें दस हजार 80 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना संक्रमण दर 0.29 प्रतिशत रही है। देहरादून में सबसे ज्यादा 18 नए मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा में भी छह लोग संक्रमित मिले हैं। हरिद्वार व नैनीताल में दो-दो और उत्तरकाशी में भी एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल व ऊधमसिंह नगर में कोरोना का कोई नया मामला नहीं है।
यह भी पढ़ें- देहरादून: चिह्नीकरण में लेटलतीफी से राज्य आंदोलनकारियो में रोष, प्रक्रिया में बदलाव की मांग
राज्य में अभी तक कोरोना के तीन लाख 44 हजार 43 मामले आए हैं। जिसमें तीन लाख 30 हजार 304 व्यक्ति (96.01 प्रतिशत) स्वस्थ हो गए हैं। फिलवक्त राज्य में 177 सक्रिय मामले हैं। सबसे ज्यादा 128 सक्रिय मरीज देहरादून जनपद में हैं। बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग व टिहरी गढ़वाल में कोई सक्रिय मामला नहीं है। जबकि सात जिलों में सक्रिय मामले दस से कम हैं। राज्य में अभी तक कोरोना संक्रमित 7403 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
24 हजार 999 व्यक्तियों का टीकाकरण
राज्य में 566 केंद्रों पर 24 हजार 999 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। अब तक 75 लाख 14 हजार 22 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली खुराक लग चुकी है। जबकि 43 लाख 32 हजार 669 का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। 18 से 44 आयु वर्ग के भी 45 लाख 24 हजार 648 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली खुराक और 20 लाख 82 हजार 668 को दोनों खुराक लग चुकी हैं।
