कार्बेट-राजाजी में फुल डे सफारी की तैयारी, पर्यटक सुबह से शाम तक करेंगे जंगल की सैर
कार्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के लिए फुल डे सफारी शुरू करने की तैयारी है। वन मुख्यालय को ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
केदार दत्त जागरण, देहरादून। बाघ की एक झलक पाने की उम्मीद हो या फिर हाथियों के झुंड को करीब से देखने का रोमांच, इसके लिए अब पर्यटकों को जंगल में ज्यादा समय बिताने का मौका मिल सकता है। कार्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व में फुल डे सफारी के दृष्टिगत दोनों रिजर्व प्रशासन ने वन मुख्यालय को प्रस्ताव भेजे हैं, जिन पर मंथन चल रहा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि वन मुख्यालय से मंजूरी मिलने पर 15 नवंबर से प्रारंभ होने वाले पर्यटन सत्र से इन रिजर्व में फुल डे सफारी शुरू कर दी जाएगी। इसके तहत पर्यटक सुबह से शाम तक जंगल के भीतर रहेंगे और उन्हें जैव विविधता, वन्यजीवों और प्राकृतिक परिवेश को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व के मुख्य पर्यटक जोन के दरवाजे हर साल 15 नवंबर को सैलानियों के लिए खोले जाते हैं। पर्यटक सीजन के सामान्य दिनों में सुबह और दोपहर बाद दो पालियों में पर्यटकों को सफारी के लिए भेजा जाता है।
सफारी के लिए लगभग चार घंटे का समय नियत है। सीमित संख्या में पर्यटकों को जंगल में अधिक समय बिताने का अवसर देने के उद्देश्य से फुल डे सफारी की योजना है। इसी क्रम में कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डा.साकेत बडोला और राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक कोको रोसे ने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को प्रस्ताव भेजे हैं।
प्रस्तावों के मुताबिक कार्बेट में बिजरानी-गर्जिया और ढेला-झिरना पर्यटक जोन में दो-दो और राजाजी के चीला पर्यटक जोन में फुल डे सफारी के लिए चार जिप्सियां सुबह की पाली में भेजी जाएंगी। पहले चार घंटे सफारी करने के बाद सैलानी ट्रेक रूट पर निर्धारित किए गए वन विश्राम गृह अथवा वाच टावर पर आ जाएंगे।
फिर वे दो बजे से भ्रमण करेंगे और सूर्यास्त से पहले बाहर निकलेंगे। इस प्रकार उनका पूरा दिन जंगल में गुजरेगा। वन मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार फुल डे सफारी के लिए शुल्क निर्धारण, बुकिंग व्यवस्था समेत अन्य शर्तों को लेकर मंथन किया जा रहा है। शुल्क के मामले में शासन से राय ली जा रही है। प्रयास यह है कि इसी पर्यटन सत्र से दोनों रिजर्व में फुल डे सफारी प्रारंभ हो जाए।
