अखिलेश यादव के बयान पर बोले हरीश रावत, टिप्पणी करते समय उनके मानस पटल पर आ गया होगा योगी आदित्यनाथ का चित्र
सपा नेता अखिलेश यादव की उत्तराखंडियों को घुसपैठिया बताने वाली टिप्पणी पर कांग्रेस ने सधी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश अध्यक्ष ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश यादव की उत्तराखंडियों पर टिप्पणी पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया।
गणेश गोदियाल ने कहा देश में कोई घुसपैठिया नहीं।
हरीश रावत ने बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, योगदान पर जोर।
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। सपा नेता अखिलेश यादव की उत्तराखंडियों को घुसपैठिया बताने संबंधी टिप्पणी पर कांग्रेस ने सधी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि देश में कहीं कोई घुसपैठिया नहीं है।
भारत का प्रत्येक नागरिक देश के किसी भी राज्य में रहने को स्वतंत्र है। गोदियाल ने कहा कि उन्हें ऐसा लगता है कि अखिलेश ने मजाकिया अंदाज में अपनी पत्नी के लिए यह टिप्पणी की होगी, जो कि उत्तराखंड से ही हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अखिलेश यादव की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट में हरदा ने कहा कि टिप्पणी करते वक्त अखिलेश के मानस पटल पर योगी आदित्यानाथ का चित्र रहा होगा।
वह यह भूल गए कि हम कभी एक राज्य थे। कुछ दुर्भाग्यजनक घटनाओं के बाद बंटवारे के समय से एक सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा। उन्हाेंने कहा कि देश के निर्माण में ऐसे प्रवासी व्यक्तियों या दूसरे प्रांतों से उन प्रांतों में गए हुए व्यक्तियों के योगदान को सम्मानपूर्ण देखा जाता है। राजनीतिक प्रतिद्वंदिता में हम घुपैठिए जैसे दुर्भाग्यपूर्ण शब्द का उपयोग किसी भी रूप में वांछित नहीं पाते हैं।
