Move to Jagran APP

कांग्रेस ने सीएम पर फिर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, भाजपा ने किया पलटवार

कांग्रेस ने एक बार फिर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निशाने पर लिया है। वहीं भाजपा भी इस मामले मेंं पलटवार करने से भी पीछे नहीं रही।

By BhanuEdited By: Published: Wed, 05 Jun 2019 09:34 AM (IST)Updated: Wed, 05 Jun 2019 09:34 AM (IST)
कांग्रेस ने सीएम पर फिर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, भाजपा ने किया पलटवार
कांग्रेस ने सीएम पर फिर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, भाजपा ने किया पलटवार

देहरादून, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस ने एक बार फिर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निशाने पर लिया है। इस बार कांग्रेस का आरोप है कि झारखंड प्रभारी के पद पर रहते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक व्यक्ति को गोसेवा आयोग का अध्यक्ष बनाने के लिए 25 लाख रुपये विभिन्न खातों में जमा कराए। आरोप यह भी है कि ये खाते मुख्यमंत्री के नजदीकी व्यक्तियों के हैं। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया। 

loksabha election banner

इस आरोप के समर्थन में कांग्रेस ने उक्त व्यक्ति यानी झारखंड किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अमृतेश सिंह चौहान के व्हाट्स ऐप पर हुई बातचीत की तस्वीरें साझा की। इसके अलावा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नजदीकी बताए जा रहे संजय गुप्ता और स्टिंग प्रकरण करने वाले आयुष गौड का एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें वह रुपयों का लेन देन करते नजर आ रहे हैं। 

कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस विधायक और विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष करन माहरा ने आरोप लगाया कि झारखंड के एक नेता अमृतेश सिंह ने गो सेवा आयोग का अध्यक्ष बनने के लिए तत्कालीन झारखंड प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत को रिश्वत दी थी। जब उसे आयोग का अध्यक्ष नहीं बनाया गया तो अमृतेश ने पत्रकारों को यह जानकारी दे दी। 

आरोप है कि जब यह मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा तो उसे दिल्ली बुलाकर पैसे वापस किए गए। इसी व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के स्टिंग प्रकरण पर एक चैनल के संपादक पर रांची में फर्जी राजद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया। उपनेता प्रतिपक्ष ने इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी बताए जा रहे व्यक्तियों के स्टिंग के कुछ वीडियो भी मीडिया को दिखाए। इसमें संजय गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी और मुख्यमंत्री के भाई नजर आ रहे हैं। 

उप नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो आरोप मुख्यमंत्री पर लग रहे हैं और जो साक्ष्य सामने आ रहे हैं, उन पर मुख्यमंत्री सामने आ कर अपना पक्ष रखें। मामले में जो भी दोषी हैं उनकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यदि अनुमति दें तो वह सबके सामने यह क्लीपिंग सार्वजनिक करने को तैयार हैं। 

उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर 14-15 जून को मीडिया के बाद नए सुबूतों के साथ आएंगे। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।

राजनीतिक अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही कांग्रेस

कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने कांग्रेस के आरोपों को झूठ, षड्यंत्र और प्रपंच करार देते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता फैलाने के साथ ही राज्य की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही है। 

प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस ने जो सीडी व क्लिपिंग दिखाई, वह चार माह पूर्व दिल्ली में एक व्यक्ति द्वारा दिखाई गई थी। वे सारे तथ्य वही हैं। इस व्यक्ति ने राज्य के राजनीतिक माहौल को अस्थिर करने को षड्यंत्र रचने का प्रयास किया। जब वह पकड़ा गया तो उसने जिस झुंझलाहट में स्टिंग के प्रयास किए, वे सारी बातें उनके व्यक्तियों द्वारा ही बताई गई। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता करन माहरा जिस सीडी को दिखाने का प्रयास कर रहे हैं, वह चार माह पूर्व चलने से पहले बंद हो गई। कांग्रेस में यदि चारित्रिक बल होता और वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाली होती तो लोस चुनाव में उसके नेताओं के मुंह से कोई शब्द तो निकलता। 

उन्होंने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता के लिए कांग्रेस दोबारा से राज्य के माहौल को खराब कर रही है। कांग्रेस बार-बार तथ्यहीन आरोपों को ला रही है। अब कहते हैं कि सीएम से मिलने के किसी व्यक्ति ने किसी के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि शहर में कोई भी किसी से मिलाने के लिए कोई जिम्मेदारी लेता है तो उस विषय का न तो पार्टी से कोई मतलब है और न मुख्यमंत्री से।

उन्होंने कहा कि किसके खाते में कहां कितना पैसा डाला गया, कोई खाता संख्या तो स्पष्ट रूप से बताने की चेष्टा कांग्रेस करे। उन्होंने कहा कि सीडी कांड में कांग्रेस को कोई सच्चाई नजर आती है तो वह उस व्यक्ति को मीडिया के सामने लाए। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ कमर कसे जाने को कांग्रेस सहन नहीं कर पा रही है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल के घोटालों में एसआइटी का गठन किया गया है, जिसमें कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इसीलिए वह इस प्रकार के प्रपंच रच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने दायित्व का निर्वह्न कर रही है। सभी चीजें जनता के सामने हैं।

यह भी पढ़ें: कैबिनेट बैठक: 80 हजार कार्मिकों को तोहफा, पेंशन में इजाफा

यह भी पढ़ें: शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने ईवीएम पर उठाए सवाल, ममता को दी सलाह

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता को जय श्रीराम लिखे पोस्ट कार्ड भेजेगा युवा मोर्चा

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.