विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भ्रष्टाचार पर किसी को बख्शा नहीं, चाहे भ्रष्टाचारी कितना ही बड़ा हो'; CM धामी ने साफ किया सरकार का रुख

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:30 AM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया है, जिसमें किसी भी पद पर बैठे भ्रष्टाचारी को न बख्शने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 

HighLights

  1. भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री धामी की जीरो टॉलरेंस नीति स्पष्ट।

  2. विजिलेंस को स्वतंत्र कार्रवाई की पूरी छूट, वरिष्ठ अधिकारी भी निशाने पर।

  3. नागरिकों से 1064 ऐप पर भ्रष्टाचार की सूचना देने की अपील।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार का रुख फिर स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे अधिकारी कितना ही बड़ा पद क्यों न रखता हो या कर्मचारी निचले स्तर पर तैनात हो, भ्रष्टाचार के मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने विजिलेंस विभाग को स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी है। ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा गया है। इससे सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव के आधार पर किसी को संरक्षण नहीं मिलेगा।

धामी सरकार के कार्यकाल में रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं के मामलों में सतर्कता विभाग ने जांच और कार्रवाई तेज की है। ट्रैप कार्रवाई के जरिए रिश्वत लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा विभागीय कार्रवाई और निलंबन जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई से संदेश

सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों समेत कई अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के खिलाफ भी कार्रवाई हुई।

वहीं, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं और उत्तराखंड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री ने इन उदाहरणों को भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की सख्ती का प्रमाण बताया।

1064 बना शिकायत का माध्यम

भ्रष्टाचार के खिलाफ आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सतर्कता विभाग का 1064 एप भी महत्वपूर्ण माध्यम बना है। इसके जरिए नागरिक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत सीधे दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों का परीक्षण कर विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है, जबकि अन्य शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजिलेंस को मजबूत करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही जांच के साथ न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी जोर है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने या पद का दुरुपयोग करने वाले अधिकारी-कर्मचारी की सूचना निर्भीक होकर सतर्कता विभाग को दें।

यह भी पढ़ें- बैणी-भुली योजना के तहत उत्तराखंड की 5 लाख महिलाओं को मिलेगा पैसा, डायरेक्ट खाते में आएगी धनराशि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।