'जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं...'; सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए, खासकर दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी (फाइल फोटो)
HighLights
अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर जोर।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पात्रों को योजनाओं का लाभ मिले।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को इनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़ी जनसमस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में बुधवार को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यक्तियों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं रखी गईं।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जनहित से जुड़े मामलों का निस्तारण करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
गीत एवं पोस्टर का भी विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का विमोचन भी किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने स्वर दिए हैं, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।