Coronavirus: ऋषिकेश में बंद नंबर को बना दिया कोरोना की हेल्पलाइन Dehradun News
हेल्पलाइन नंबरों की हकीकत जाननी हो तो इसके लिए ऋषिकेश तहसील प्रशासन का हेल्प लाइन नंबर 0135-2430007 देख कर समझी जा सकती है। यह नंबर काफी समय से कटा हुआ है।
ऋषिकेश, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान लोगों की मदद के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की हकीकत जाननी हो तो इसके लिए तहसील प्रशासन का हेल्प लाइन नंबर 0135-2430007 देख कर समझी जा सकती है। यह ऋषिकेश उप जिलाधिकारी कार्यालय का टेलीफोन नंबर है। यह नंबर काफी समय से कटा हुआ है, लेकिन उसके बाद भी इसे कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन में दिया गया है।
बंद पड़े नंबर से कितने जरूरतमंदों को मदद मिल रही होगी समझा जा सकता है। तहसील प्रशासन की यह कार्यप्रणाली जरूरतमंदों के साथ किसी मजाक से कम नहीं है। अब जिम्मेदार कहते हैं कि इसे जल्द ठीक करा लिया जाएगा।
कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए देश सहित प्रदेश में लॉकडाउन जारी किया गया है। इस दौरान किसी को भी परेशानियों को सामना न करना पड़े इसलिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों और उप जिलाधिकारियों को इसके लिए सख्त निर्देश दिए हुए हैं।
साथ ही मुख्यालयों और तहसील में कंट्रोल रूम शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। जिससे जरूरतमंद लोग अपनी परेशानी इन नंबरों में बताकर उसका समाधान करा पाएं। लेकिन कहीं-कहीं पर इसमें लापरवाही भी बरती जा रही है। ऐसी ही लापरवाही ऋषिकेश तहसील में सामने आई है।
यहां पर भी कंट्रोल रूम बनाकर हेल्प लाइन नंबर 0135-2430007 जारी किया गया है। लेकिन यह नंबर काफी समय से बंद पड़ा है उसके बाद भी इस नंबर को गैर जिम्मेदारी से हेल्प लाइन में डाला गया है। इस नंबर में जरूरतमंद फोन कर के परेशान हो रहे हैं लेकिन स्थानीय प्रशासन गैरजिम्मेदार बना हुआ है।
हालांकि ऋषिकेश क्षेत्र के लिए नगर निगम, कोतवाली और तहसील में इस समय कंट्रोल रूप संचालित किया जा रहा है। नगर निगम और कोतवाली में बनाए गए कंट्रोल रूम में सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध है। लेकिन तहसील कंट्रोल रूम का फोन ही बंद पड़ा है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड के कंट्रोल रूम में रोजाना औसतन 5000 कॉल, त्वरित हो रहा समाधान
ऐसे में समझा जा सकता है कि उप जिलाधिकारी कार्यालय के इस हेल्पलाइन नंबर से लोगों को कितनी मदद मिल रही होगी। क्योंकि आमजन के पास उपजिलाधिकारी का नंबर नहीं होता वे इस कंट्रोल रूम के नंबर के माध्यम से अपनी बात उन तक पहुंच सकते हैं। इस संबंध में उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने बताया कि नाजिर को कंट्रोल रूम में बुधवार से टेलीफोन व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: ड्यूटी से गायब मिले चार पुलिसकर्मी, एसएसपी ने किया सस्पेंड, मचा हड़कंप