आस्था का महापर्व छठ आज से, बाजार में भीड़, देहरादून में 23 घाटों की सफाई शुरू
देहरादून में चार दिवसीय आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ आज से शुरू हो रहा है। इसके लिए 23 ...और पढ़ें

नहाय खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। संतान के सुखी जीवन के लिए सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा।
इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में 23 से अधिक छठ घाटों की सफाई कर अंतिम रूप दिया जा रहा है। छठ के लिए बाजार भी पूरी तरह से सजकर तैयार हो चुके हैं। लोगों ने बाजार में खरीदारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को अधिक भीड़ रहेगी।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को छठ पूजा की जाती है। बिहार, झारखंड व उत्तर प्रदेश में इस पूजा का काफी महत्व है। देहरादून की बात करें तो यहां बड़ी तादात में शामिल पूर्वांचल के लोग इस पर्व को खासा उल्लास के साथ मनाते हैं।
चार दिवसीय पर्व को लेकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, हनुमान चौक, प्रेमनगर में दुकान दऊरा (बांस की टोकरी), बांस का सूप, डाला, कच्ची हल्दी, अदरक, जंगली बेर, सिंघाड़ा, चकोतरा, गन्ना, लौकी, नारियलआदि से सजने लगे हैं।
बिहारी महासभा और पूर्वा सांस्कृतिक मंच करते हैं आयोजन
बिहारी महासभा के श्री टपकेश्वर, प्रेमनगर, चंद्रबनी और मालदेवता के घाट तैयार किए गए हैं। वहीं पूर्वा सांस्कृतिक मंच के विभिन्न 18 छठ पूजा घाट की सफाई कर उसे तैयार करने में जुटे हैं। छठ घाटों की बात करें तो हरबंस कपूर घाट हरभजवाला, टपकेश्वर, चंद्रबनी, रायपुर, केशरवाला, गुल्लरघाटी, सेलाकुई, रायपुर, मालदेवता, पुलिया नंबर-छह, प्रेमनगर, पथरीबाग, ब्रह्मपुरी, नत्थनपुरा, चंद्रबनी, भंडारी बाग, सिंघल मंडी मुख्य हैं।
सोमवार को सार्वजनिक अवकाश की मांग
बिहारी महासभा ने सरकार से उदीयमान अर्घ्य वाले दिन यानी सोमवार को सार्वजनिक अवकाश की मांग की है। इस संबंध में महासभा पूर्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंप चुकी है। बताया कि अवकाश इसलिए जरूरी है कि लोग बहुत थके रहते हैं। चार दिन के व्रत में सोमवार के दिन हम अवकाश मांग रहे हैं ताकि अर्घ्य के बाद लोग घर आए तो उनकी थकावट दूर हो।
समितियों को सौंपी जिम्मेदारी
पूर्वा सांस्कृतिक मंच पिछले वर्ष से मंच छठ पर सीधा तैयारी के लिए हस्तक्षेप नहीं कर रही है। मंच ने सभी 18 घाटों की जिम्मेदारी वहां की समितियों को सौंप दी है। वहीं व्यवस्था व अन्य कार्य देख रही हैं। मंच राज्य बनने से ही छठ महापर्व को उत्तराखंड में मनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस तरह होगा चार दिवसीय पर्व
- 13 नवंबर को नहाय-खाय के बाद व्रत रख घाटों की सफाई व पूजा होगी।
- 14 को खरना वाले दिन निर्जला व्रत रख शाम को खीर का प्रसाद लिया जाएगा।
- 15 को विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी यानी ढलते सूर्य को जल अर्पित कर अर्घ्य दिया जाएगा।
- 16 को उदीयमान यानी उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह महापर्व संपन्न होगा।
छठ पूजा की मान्यता
आराघर चौक स्थित श्री लक्ष्मीनारायण पंचमुखी सिंदूरिया हनुमान मंदिर के पंडित विष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, छठी मैया को सूर्यदेव की बहन माना जाता है। इसलिए पति, संतान, घर में सुख शांति के लिए छठ पूजा के दौरान जल में खड़े रहकर सूर्य की उपासना की जाती है। इसमें व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। कहा जाता है कि सूर्य की पूजा करने से छठी मैया प्रसन्न होती है।
ब्रह्मपुरी छठ पार्क भोजपुरी कलाकारों की होगी प्रस्तुति
पूर्वांचल समाज उत्थान समिति की ओर से ब्रह्मपुरी स्थित सूर्य मंदिर छठ पार्क में कुंड, नहर की सफाई को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के संरक्षक सतीश कश्यप ने बताया कि सूर्य मंदिर में पेंटिंग कर सजावट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार भोजपुरी लोक कलाकार हरिकेश यादव, लोकगायिका कंचन काजल प्रस्तुति देंगे।
सूर्य मंदिर से शिव मंदिर तक पूरा क्षेत्र को लड़ियों से जगमग किया जाएगा। गौर हो कि ब्रह्मपुरी छठ पार्क को वर्ष 2021 में केंद्र की अमृत योजना से तकरीबन 80 लाख रुपये की लागत से कुंड व नहर को बनाकर तैयार किया गया है। जिसमें सूर्य मंदिर भी बनाया गया है। इस बार समिति 17वां छठ महोत्सव मना रही है।
बिहार महासभा लगभग 20 वर्षों से देहरादून में छठ पूजा का कार्यक्रम कर रही है। पहले यह कार्यक्रम श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में होता था। छठ व्रतियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बिहार महासभा ने फैसला लिया कि टपकेश्वर घाट पर जगह कम है ऐसे में इसको अन्य तीन क्षेत्रों में भी घाट बनाकर काम शुरू किया और छठ की व्यवस्था की। आज काफी संख्या में लोग यहां उमड़ते हैं। यहां सिर्फ पूर्वांचल ही नहीं उत्तराखंड के लोगों ने भी छठ में हर संभव मदद देते हैं। छठ पूजा सिर्फ पूर्वांचल में न रहकर देश के अन्य राज्यों में मनाया जाता है।- चंदन कुमार झा, महाचिव बिहारी महासभा
पूर्वा सांस्कृतिक मंच ने छठ को देखते हुए अपने सभी 18 घाटों की समितियों से घाटों की साफ-सफाई व अन्य व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। इस बार छठ पूजन शुक्रवार को नहाय खाय के साथ शुरू हो रहा है। सूर्योपासना को केंद्रित इस महापर्व में डूबते और उगते दोनों समय सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। पिछले कई वर्षों से मंच 18 घाटों को संचालित करता आ रहा है। छठ पूजा अब अन्य राज्यों में भी भक्तिभाव से मनाया जाने लगा है।- सुभाष झा, संस्थापक महासचिव पूर्वा सांस्कृतिक मंच
यह भी पढ़ें- दिल्ली में आज नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ पर्व, घाटों पर तैयारियां तेज और बाजार हुए गुलजार
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: नहाय-खाय से लेकर पारण तक कैसे करें छठ पूजा, जानें पूजन विधि और जरूरी नियम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।