विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में छठ घाटों की कैसी तैयारी? बाजारों में छाई रौनक; आज नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ पर्व

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:43 AM (IST)Updated: Fri, 13 Nov 2026 09:55 AM (IST)

दिल्ली में लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है, जिसके लिए बाजारों में रौनक बढ़ ...और पढ़ें

मुनक नहर पर वजीरपुर में तैयार नवनिर्मित छठ घाट। जागरण

मुनक नहर पर वजीरपुर में तैयार नवनिर्मित छठ घाट। जागरण

HighLights

  1. नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू।

  2. दिल्ली के बाजारों में छठ पूजा की रौनक बढ़ी।

  3. पारंपरिक सामग्री और फलों की जमकर खरीदारी हो रही।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय- खाय के पवित्र अनुष्ठान के साथ शुरू हो जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस महाव्रत को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है।

छठी मईया के स्वागत की तैयारियां घरों से लेकर घाटों तक दिखाई देने लगी हैं। कहीं घरों की साफ-सफाई की जा रही है तो कहीं पूजा में इस्तेमाल होने वाले सूप, दउरा और अन्य सामग्री जुटाई जा रही है।

महापर्व की शुरुआत से पहले ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पहाड़गंज, करोलबाग समेत राजधानी के प्रमुख बाजारों में छठ पूजा के सामान की दुकानें सज गई हैं। बांस से बने सूप और दउरा (डलिया), पीतल के सूप, रंग-बिरंगे नए वस्त्र और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए सुबह से ही लोग बाजार पहुंच रहे हैं। फल बाजारों में भी चहल- पहल बढ़ गई है।

compressed_82093282

पूजा में चढ़ाए जाने वाले सेब, केला, घवद, अनानास, नारियल, सिंघाड़ा, सुथनी और नारंगी की मांग बढ़ गई है। वहीं, घरों में प्रसाद के रूप में बनने वाले ठेकुआ के लिए शुद्ध घी और गुड़ की खरीदारी भी खूब हो रही है। पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी इस हलचल के देख दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। पारंपरिक पूजा सामग्री की मांग को देखते हुए दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों पर सामान सजा रखा है।

छठ पूजा की खरीदारी के लिए राजधानी के अलग-अलग इलाकों में भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। मयूर विहार फेज-एक, लक्ष्मी नगर, छतरपुर, रोहिणी और उत्तम नगर के स्थानीय बाजारों में पूजा से जुड़ी लगभग सभी जरूरी सामग्री एक ही जगह उपलब्ध है।

compressed_82093285

वहीं, गाजीपुर, आजादपुर और ओखला सब्जी मंडी में थोक दरों पर फल और बांस से बने पूजा के बर्तन खरीदे जा रहे हैं। कई आवासीय सोसायटियों और स्थानीय समितियों की ओर से आरडब्ल्यूए परिसरों में भी विशेष छठ बाजार लगाए गए हैं। इन बाजारों में सूप, दउरा, कंडा (गोइठा) और पूजन सामग्री के स्टाल लगाए गए हैं, ताकि व्रतियों और उनके परिजनों को खरीदारी के लिए दूर न जाना पड़े।

दूसरी ओर, भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों की सहूलियत के लिए ऑनलाइन खरीदारी का विकल्प भी उपलब्ध है। ब्लिंकिट, इंस्टामार्ट और बिगबास्केट जैसे क्विक कामर्स और ग्रोसरी एप पर छठ पूजा की विशेष कैटेगरी बनाई गई हैं।

इनके माध्यम से नारियल, केला, सेब, अनानास, गन्ना, हल्दी के पौधे, सूप- दउरा, पूजा की थाली और हवन सामग्री तक घर मंगाई जा सकती है। कई विक्रेता ताजे फल और पारंपरिक पूजा सामग्री की होम डिलीवरी भी कर रहे हैं। इससे खासकर बुजुर्गों और कामकाजी महिलाओं को बाजारों की भागदौड़ से राहत मिल रही है।

compressed_82093284

छठ के पहले दिन शुक्रवार को नहाय- खाय के साथ व्रती महिलाएं चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत करेंगी। इस दिन स्नान के बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। कुछ क्षेत्रों में शुद्ध घी और सेंधा नमक से तैयार कद्दू या अन्य सात्विक चीजों के पकौड़े (बचका) और सरसों का साग खाने की भी परंपरा है।

इसके बाद शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा करेंगी और गुड़ से बनी खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। खरना के प्रसाद के बाद ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग कर छठी मईया और भगवान सूर्य की आराधना करेंगी।

कृत्रिम तालाबों पर भी तैयारियां

रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। उधर, यमुना घाटों और कृत्रिम तालाबों पर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

वहीं, अभी से घरों में छठ के पारंपरिक लोकगीत गूंजने लगे हैं। सूप और दउरा सजाने से लेकर प्रसाद तैयार करने तक हर परिवार में पर्व की तैयारियां चल रही हैं। लोक आस्था, परंपरा और सूर्य उपासना से जुड़े इस महापर्व ने पूरी राजधानी को भक्तिमय माहौल में रंगना शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें- छठ पर घर लौटने की बेचैनी, रांची स्टेशन पर उमड़ा 80 हजार लोगों का सैलाब; एक सीट पर 6 यात्री कर रहे यात्रा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।