छठ पर घर लौटने की बेचैनी, रांची स्टेशन पर उमड़ा 80 हजार लोगों का सैलाब; एक सीट पर 6 यात्री कर रहे यात्रा
छठ पूजा के कारण रांची रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां सामान्य दिनों से दोगुने 80 हजार ...और पढ़ें

छठ पर घर लौटने की बेचैनी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
रांची स्टेशन पर छठ के कारण 80 हजार यात्री पहुंचे।
ट्रेनों में एक बर्थ पर पांच-छह यात्री यात्रा कर रहे थे।
भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ के जवान तैनात किए गए।
जागरण संवाददाता, रांची। किसी को छठ पर मां के हाथ का प्रसाद खाना था तो किसी को परिवार के साथ त्योहार मनाने की जल्दी थी। किसी के हाथ में बड़ा बैग था तो कोई बच्चों को संभालते हुए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। रांची रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
प्लेटफार्म से लेकर फुट ओवरब्रिज तक यात्रियों की भीड़ नजर आई। हर किसी को बस एक ही चिंता थी कि किसी तरह ट्रेन मिल जाए और छठ से पहले घर पहुंच जाएं। त्योहार पर अपनों के बीच पहुंचने की इस बेचैनी ने स्टेशन की रफ्तार बढ़ा दी।
गुरुवार को यात्रियों की आवाजाही का आंकड़ा 80 हजार तक पहुंच गया, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या 50 से 52 हजार के आसपास रहती है।
एक बर्थ पर पांच-छह यात्री, कोच में बढ़ गई भीड़
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक दबाव देखने को मिला। नियमित ट्रेनों में पहले से ही सीटों की उपलब्धता कम थी। गुरुवार को यात्रियों की संख्या और बढ़ने से कोच में भीड़ क्षमता से अधिक हो गई। कई ट्रेनों में एक बर्थ पर पांच से छह यात्री बैठकर सफर करते नजर आए।
जनरल कोच का हाल और भी खराब था। यहां बैठने की जगह मिलना मुश्किल हो गया। कई यात्रियों को दरवाजे के पास और कोच के गलियारे में खड़े होकर सफर करना पड़ा। परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों को बच्चों और सामान के बीच जगह बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घर पहुंचने की जल्दी, प्लेटफार्म पर ट्रेनों का इंतजार
मौर्या एक्सप्रेस, रांची-इस्लामपुर एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों का दबाव अधिक रहा। जिन यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिला था, वे भी किसी तरह घर पहुंचने की उम्मीद में स्टेशन पहुंचे थे।
लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण कई यात्रियों को जनरल कोच का सहारा लेना पड़ा। प्लेटफार्म पर ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ कोच की ओर बढ़ने लगती थी। वहीं, ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों और चढ़ने की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के बीच भी काफी गहमागहमी रही।
स्पेशल ट्रेनों से कुछ राहत, लेकिन भीड़ पर नहीं लगाम
छठ को लेकर रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है, लेकिन नियमित ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम नहीं हो रहा है। घर जाने की जल्दबाजी में यात्री उपलब्ध ट्रेन से सफर करने को तैयार दिखे। स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी।
ट्रेन के आने और खुलने के दौरान जवान यात्रियों को कतारबद्ध कर कोच में चढ़ाने और उतरने में मदद कर रहे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ किसी तरह की दुर्घटना रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही थी।
गुरुवार को स्टेशन का माहौल यही बयां कर रहा था कि छठ पर घर लौटने की चाह के आगे यात्रियों को भीड़ और लंबी यात्रा की मुश्किलें भी छोटी लग रही थीं।
यह भी पढ़ें- आज नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, भक्ति गीतों से गूंजा खलारी कोयलांचल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।