आज नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, भक्ति गीतों से गूंजा खलारी कोयलांचल
आज नहाय-खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ खलारी कोयलांचल में शुरू हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है।

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नहाय-खाय के साथ खलारी में छठ महापर्व शुरू।
छठ गीतों से गूंज रहा खलारी कोयलांचल का वातावरण।
पूजन सामग्री की खरीदारी से बाजारों में रौनक।
संवाद सूत्र, खलारी। लोक आस्था और नेम-निष्ठा के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। महापर्व को लेकर खलारी कोयलांचल में उत्साह और भक्ति का माहौल है। छठ व्रती जहां पूजा की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं क्षेत्र में छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है।
छठ पूजा समितियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी घाटों की साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। महापर्व को लेकर क्षेत्र के हाट-बाजारों और चौक-चौराहों पर पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। खासकर सूप, दउरा और टोकरी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।
कद्दू-भात को लेकर कद्दू की अच्छी बिक्री
गुरुवार को बुकबुका के साप्ताहिक हाट में नहाय-खाय के पारंपरिक प्रसाद कद्दू-भात को लेकर कद्दू की अच्छी बिक्री हुई। छठ पूजा में सूप और दउरा के विशेष महत्व को देखते हुए व्रती इनकी खरीदारी में जुटे हैं।
बुकबुका हाट में कद्दू 60 रुपये किलो, पूजा का प्रति नारियल 40 रुपये, शकरकंद और सिंघाड़ा 60-60 रुपये किलो बिक रहे हैं। वहीं, अलता-पत्ता 10 रुपये, सूप 200 से 250 रुपये जोड़ा, दउरा 600 रुपये से शुरू, टोकरी 300 से 450 रुपये तथा बांस पंखा 50 रुपये में उपलब्ध है।
चहल-पहल से दुकानदारों में खासा उत्साह
पूजा में इस्तेमाल होने वाला पंचमुखी ढक्कन 250 रुपये और दीया 200 रुपये सैकड़ा की दर से बिक रहा है। इसके अलावा पूजन सामग्री की दुकानों पर सूखे मेवे, धूप, अगरबत्ती सहित अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। बाजार में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों में भी खासा उत्साह है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।