चकराता मतांतरण: फरमान ने 'अमन तोमर' बन फंसाई हिंदू महिला, तीन फर्जी इंस्टा ID बनाई; आपत्तिजनक फुटेज भी मिले
चकराता में पहचान छिपाकर मुस्लिम युवक फरमान ने एक हिंदू महिला का मतांतरण कराया।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, चकराता (देहरादून)। पहचान छिपाकर मुस्लिम युवक ने चकराता कोतवाली क्षेत्र की हिंदू महिला को गुमराह किया और दबाव बनाकर उसका मतांतरण करा दिया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपित गांव धर्मपुर सरावगी, देवबंद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी फरमान के मोबाइल फोन की जांच में उसके कारनामों की परतें खुलने लगी हैं।
पुलिस को पता चला है कि लव जिहाद के तहत हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाने के लिए फरमान ने तीन फर्जी इंस्टाग्राम आइडी बनाई थी। मगर तीसरी फर्जी आडी बनाने से पहले उसने इससे पहले बनाई गई दो आडी डिलीट कर दी। पुलिस की ओर से की गई मोबाइल फोन की जांच में कुछ आपत्तिजनक वीडियो फुटेज भी मिले हैं।
आपत्तिजनक वीडियो फुटेज भी मिले
चकराता कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित ने इंस्टाग्राम पर 'आइ एम अमन तोमर' नाम से फर्जी आइडी बनाई थी। वह मामले से संबंधित महिला को अपने जाल में फंसाने के बाद उसे अपने साथ देवबंद ले जाने की फिराक में था। लेकिन पहले ही महिला के पति को इसकी भनक लग गई। पुलिस अब आरोपित से जुड़े विकासनगर के उस संपर्क का भी पता लगा रही है, जहां से आरोपित के पास हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाने को प्रेरित करने वाले मौलानाओं की वीडियो भेजी जाती थी।
चकराता कोतवाली की पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में आरोपित फरमान ने बताया कि सबसे पहले उसने अमन शर्मा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आइडी बनाई थी। फिर उसने अमन तोमर के नाम से आइडी बनायी। दोनों आइडी डिलीट करने के बाद फरमान ने फिर से 'आइ एम अमन तोमर' नाम से तीसरी आइडी बनाई।
वह अब तक कितनी हिंदू लड़कियों को इस तरह से गुमराह कर चुका है पुलिस इसकी जांच कर रही है। आरोपित फरमान पुलिस को बता चुका है कि वह मामले से संबंधित महिला समेत उत्तराखंड व हिमाचल की कई हिंदू लड़कियों को इसी तरह से फंसा चुका है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सहसपुर अनुज कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।
