अहमदाबाद से लौटे जमाती पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
पुलिस ने प्रदेश में एक मार्च के बाद चोरी छिपे आने के आरोप में 19 मुकदमों में 55 जमातियों को नामजद किया है। इनमें सात मुकदमे पांच अप्रैल के बाद दर्ज किए गए हैं।
देहरादून, जेएनएन। अहमदाबाद से लौटे एक और जमाती का हरिद्वार में पता चलने के बाद हड़कंप मच गया। सोमवार को ज्वालापुर पुलिस उसके घर पहुंची और जमाती के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए उसे इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन कर दिया। वहीं, उसके परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। उत्तराखंड में ट्रेवल हिस्ट्री छिपाने वाले आठ जमातियों पर अब तक सात मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि जमाती की पहचान अरशद मंसूरी निवासी हज्जावान, ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वह सोलह जमातियों के दल के साथ एक मार्च को अहमदाबाद गया था। जमात में गए 15 जमातियों के बारे में 30 मार्च को ही जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया था। लेकिन अरशद के बारे में तब पता नहीं चल सका था। सोमवार को सूत्रों से पता चला कि अरशद भी उन जमातियों के दल में शामिल था, जिसे बीते 30 मार्च को क्वारंटाइन किया गया है। उसे घर से गिरफ्तार कर क्वारंटाइन में भेज दिया गया।
संक्रमित हुआ तो बढ़ेगी मुश्किल
अरशद अगर कोरोना संक्रमित हुआ तो क्षेत्र की मुश्किल बढ़ सकती हैं। क्योंकि लौटने के बाद वह करीब 14 दिन तक घर में रहा। इस दौरान वह कई लोगों से मिला भी होगा। ज्वालापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र देव सिंह ने बताया कि अरशद के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
अब तक 55 जमातियों पर हो चुके हैं मुकदमें
पुलिस ने प्रदेश में एक मार्च के बाद चोरी छिपे आने के आरोप में 19 मुकदमों में 55 जमातियों को नामजद किया है। इनमें सात मुकदमे पांच अप्रैल के बाद दर्ज किए गए हैं। इन मुकदमों में नामजद आठ आरोपितों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह वे जमाती हैं, जिन्होंने अन्य प्रदेशों से आने के बाद इसकी कोई सूचना पुलिस को नहीं दी।
पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून-व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि प्रदेश में इस समय बाहर से आने वाले 513 जमाती हैं, इनको क्वारंटाइन किया गया है। जमातों से लौटने वालों की संख्या 914 है। इस प्रकार कुल 1427 जमातियों में से 798 को संस्थागत क्वारंटाइन और शेष को होम क्वारंटाइन किया गया है। इसके अलावा 268 ऐसे जमाती हैं जो दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना राज्यों में जमात के लिए गए हुए हैं। इन सभी की सूचना जुटा ली गई है। ये सभी जमाती संबंधित राज्यों में ही क्वारंटाइन कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Lockdown का उल्लंघन करने पर विदेशी नागरिकों को अनोखी सजा, 500 बार लिखनी पड़ी ये बात