यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
समंदर की उफनती लहरों पर दिखेगा दून की इस बेटी का हौसला, जानिए
दून की कैप्टन प्रिया सेमवाल पश्चिम बंगाल के हल्दिया से पोरबंदर के बीच आर्मी सेलिंग एक्सपीडिशन का हिस्सा बनी हैं।

देहरादून, जेएनएन। बेटियों के इस साहस को सलाम। पर्वत शिखर से समंदर की उफनती लहरें तक उनके हौसले की कहानी कहती हैं। इसमें एक नाम अब और जुड़ गया है। दून की कैप्टन प्रिया सेमवाल पश्चिम बंगाल के हल्दिया से पोरबंदर, गुजरात के बीच आर्मी सेलिंग एक्सपीडिशन का हिस्सा बनी हैं। 50 सदस्यीय यह दल 45 दिन के अभियान में 3500 नॉटिकल मील का सफर तय करेगा।
प्रिया ने बताया कि अभियान दल जल प्रदूषण के प्रति जागरूक करेगा। इस दौरान कई जगह पानी के सैंपल एकत्र किए जाएंगे। साथ ही कई स्थानों पर सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेना इस अभियान को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल कराने का प्रयास भी किया जाएगा। यह अभियान 44 फीट की एक नौका पर किया जा रहा है। जिसने इसे अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया है। इससे पहले अभियान बड़ी नौका व कम दूरी के किए गए हैं।
विदित हो कि धोरण गांव निवासी प्रिया के पति नायक अमित शर्मा 20 जून 2012 को अरुणाचल प्रदेश में सेना के ऑपरेशन ऑर्किड के दौरान शहीद हो गए थे। पति की मौत के बाद भी प्रिया ने हौसला नहीं खोया। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए सेना में जाने का फैसला लिया। 15 मार्च 2014 को प्रिया ऑफिसर्स ट्रेनिंग ऐकेडमी (ओटीए) चेन्नई से बतौर लेफ्टिनेंट पासआउट हुईं। उन्हें कई स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है।
