ऋषिकेश में डेंगू के खिलाफ चलेगा महा अभियान, एम्स के साथ सभी विभाग चलाएंगे सेवन प्लस कार्यक्रम
नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में बढ़ रहे डेंगू के मामलों को देखते हुए निगम प्रशासन सहित सभी प्रमुख विभाग अलर्ट मोड़ पर आ गए हैं। नगर निगम की महापौर अनीता ममगाईं की पहल पर गुरुवार को संयुक्त रणनीति बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में बढ़ रहे डेंगू के मामलों को देखते हुए निगम प्रशासन सहित सभी प्रमुख विभाग अलर्ट मोड़ पर आ गए हैं। नगर निगम महापौर की पहल पर शुक्रवार से सभी क्षेत्रों में महाअभियान शुरू किया जाएगा। एम्स ऋषिकेश के सहयोग से सेवन प्लस कार्यक्रम के तहत सात दिन तक निरंतर अभियान चलेगा।
अब तक 36 व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि
ऋषिकेश क्षेत्र में अब तक 36 व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जिसमें 26 मामले अकेले चंद्रेश्वर नगर चंद्रभागा बस्ती क्षेत्र के हैं। ग्रामीण क्षेत्र में भी डेंगू ने दस्तक दे दी है। बढ़ रहे डेंगू के मामलों ने सभी की चिंता बढ़ा दी है।
डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा
इस मामले में नगर निगम की महापौर अनीता ममगाईं की पहल पर गुरुवार को संयुक्त रणनीति बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। जिसमें डेंगू की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डा.संतोष कुमार ने कहा कि सभी विभाग आपस में तालमेल बनाकर सेवन प्लस प्रोग्राम संचालित करेंगे।
जिसमें डेंगू की रोकथाम के लिए पर्याप्त कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, घरों के भीतर एकत्र ताजा पानी को साफ किए जाने, सभी तरह के बुखार पीड़ित व्यक्तियों की रक्त जांच, सभी को प्राप्त दवाएं और घर घर जाकर डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा।
शुक्रवार से ही भावी योजना पर अमल शुरू
नगर निगम महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए अब ज्यादा विलंब करने की जरूरत नहीं है। शुक्रवार से ही भावी योजना पर अमल शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम एम्स ऋषिकेश, स्वास्थ्य विभाग, जिला मलेरिया नियंत्रण विभाग और तहसील प्रशासन की टीम संयुक्त रुप से महा अभियान में शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि चंद्रेश्वर नगर में मुक्तिधाम स्थित है।
फुटकर फल सब्जी मंडी और वेंडिंग जोन में भी चलेगा अभियान
हाटस्पाट बने इस तरह के भीड़ वाले क्षेत्र में तत्काल कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू करा दिया गया है। इसके अतिरिक्त फुटकर फल सब्जी मंडी और वेंडिंग जोन में भी अभियान चलाया जाएगा।
डेंगू पीड़ितों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध
राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. पीके चंदोला ने बताया कि राजकीय चिकित्सालय के भीतर डेंगू पीड़ितों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। जिला मलेरिया नियंत्रण अधिकारी सुभाष चंद्र जोशी ने बताया कि ऋषिकेश के प्रभावित क्षेत्रों के अतिरिक्त अन्य सार्वजनिक क्षेत्र में नागरिकों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक के जरिए अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राजकीय चिकित्सालय एसएस यादव, सफाई निरीक्षक नगर निगम संतोष गुसाईं, अभिषेक मल्होत्रा, सुभाष सेमवाल, विकास भंडारी आदि मौजूद रहे।