देहरादून: आईटी पार्क के पास बुलेट पेड़ से टकराई, डीआईटी के दो छात्रों की मौत
देहरादून के आईटी पार्क के पास एक बुलेट बाइक पेड़ से टकराने से डीआईटी विश्वविद्यालय के दो बीफार्मा छात्रों, देव कुमार (बिहार) और रोनित विश्वास (नगालैंड) की मौत हो गई।

देव कुमार (22 वर्ष) और रोनित विश्वास (19 वर्ष)।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। आइटी पार्क के निकट बुलेट पेड़ से टकराने से डीआइटी विश्वविद्यालय के दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र देर रात धोरणपुल से आइटी पार्क की तरफ जा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के स्वजन को सूचित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
आइटी पार्क चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुसांई ने बताया कि देव कुमार (22 वर्ष) निवासी ग्राम कुमार, थाना सिकंदरा, जिला जमुई (बिहार) डीआइटी विश्वविद्यालय से बीफार्मा कर रहे थे।
वहीं, रोनित विश्वास (19 वर्ष) निवासी दीमापुर, नगालैंड भी बीफार्मा के छात्र थे। मंगलवार देर रात वह बुलेट से धोरणपुल की तरफ से आइटी पार्क की ओर जा रहे थे।
आदर्श एन्क्लेव गेट के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने देव कुमार को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, उसने हेलमेट नहीं पहना था। वहीं, रोनित विश्वास के सिर और पैर में गंभीर चोट होने के चलते इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान रोनित ने भी दम तोड़ दिया।
मोड़ पर संभाल नहीं पाए बाइक
पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय के चार छात्र मंगलवार देर रात खाना खाने के बाद दो बाइकों पर घूमने के लिए निकले थे।
एक बुलेट पर दो युवक आगे चल रहे थे। जबकि दूसरी बुलेट पर देव कुमार व रोनित विश्वास पीछे-पीछे चल रहे थे।
इस बुलेट को देव कुमार चला रहा था। आदर्श एन्क्लेव गेट के पास दूसरी बाइक को ओवरटेक किया, लेकिन मोड़ होने के चलते वह वाहन को संभाल नहीं पाया और बुलेट तेजी से पेड़ से टकरा गई।
यह भी पढ़ें- देहरादून में डोईवाला में कार ने मासूम बच्चे को कुचला, फरार चालक गिरफ्तार
