बहन तुम डॉक्टर बनकर दिखाना, यह लिख बीटेक के छात्र ने की खुदकुशी
भारतीय वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ) में वैज्ञानिक के 20 वर्षीय बेटे ने खुदकुशी कर ली। सुसाइड नोट पर उसने बहन से डॉक्टर बनने को कहा।
देहरादून, [जेएनएन]: भारतीय वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ) में वैज्ञानिक के 20 वर्षीय बेटे ने खुदकुशी कर ली। वह शहर के एक निजी विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। सुसाइड नोट पर उसने बहन से डॉक्टर बनने को कहा।
कैंट पुलिस के अनुसार एफआरआइ में रह रहे वैज्ञानिक चरण सिंह रविवार शाम पत्नी के साथ बाहर चले गए। घर में उनका बेटा मयंक और बेटी मौजूद थे।
देर शाम करीब साढ़े सात बजे चरण सिंह की बेटी खेलने के लिए बाहर चली गई। थोड़ी देर बाद वह घर लौटी तो एक कमरे में मयंक पंखे से चुनरी के सहारे लटकता मिला। उसने तत्काल यह जानकारी पिता को दी।
इधर चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। चरण सिंह घर पहुंचे और मयंक को फंदे से उतार कर एफआरआइ के अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर कैंट एसएस बिष्ट ने बताया कि मयंक के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है।
बहन तुम डॉक्टर बनकर दिखाना
मयंक ने अंग्रेजी में लिखे सुसाइड नोट अपनी बहन से डॉक्टर बनने के लिए कहा है। उसने लिखा है कि वह तो कुछ नहीं बन पाया, इसलिए अब उसे ही मम्मी-पापा के सपनों को पूरा करना होगा। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मयंक पढ़ाई के बोझ की वजह से मानसिक अवसाद में था।
यह भी पढ़ें: पंखे में लगा था फंदा, जमीन पर मिला युवती का शव
यह भी पढ़ें: काशीपुर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
यह भी पढ़ें: पहले चेक किया फेसबुक अकाउंट, फिर कनपटी पर खुद को मारी गोली