उत्तराखंड की 70 सीटों पर उतरेंगे बीजेपी के 'माहिर खिलाड़ी', प्रवासी प्रभारी के रूप में लेंगे फीडबैक
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए प्रदेश की 70 सीटों का चुनावी मिजाज समझेगी।

जम्मू से बिहार-बंगाल तक के विधायक परखेंगे 70 सीटों की सियासी जमीन। फोटो- जागरण आर्काइव
HighLights
भाजपा 70 विधानसभा सीटों का चुनावी मिजाज समझेगी।
प्रवासी प्रभारी जमीनी हकीकत और संगठन की कमजोरियां परखेंगे।
विधायकों की लोकप्रियता और जीत की संभावनाओं का आकलन होगा।
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सियासी जमीन दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। सत्ता की हैटट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ पार्टी प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों का चुनावी मिजाज समझेगी।
इसके लिए जम्मू-कश्मीर से लेकर बिहार, बंगाल और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों के अनुभवी विधायकों और संगठन के माहिर खिलाड़ियों को उत्तराखंड में उतारा जाएगा। ये नेता चुनाव तक बतौर प्रवासी प्रभारी विधानसभा क्षेत्रों में डेरा डालकर संगठन की कमजोरियां दूर करने और चुनावी तैयारी को धार देने का काम करेंगे।
इस कवायद का मकसद हर सीट की जमीनी हकीकत परखना है। प्रवासी प्रभारी स्थानीय संगठन के दावों से इतर जनता के बीच जाकर पार्टी की स्थिति समझेंगे। किस सीट पर भाजपा मजबूत है, कहां संगठन सुस्त और किन क्षेत्रों में चुनौती अधिक है, इसका आकलन करेंगे। सरकार की योजनाओं की पहुंच, स्थानीय समस्याओं और जनता की नाराजगी का फीडबैक भी वे जुटाएंगे।
विधायकों की लोकप्रियता का आकलन
भाजपा की इस रणनीति का अहम पहलू मौजूदा विधायकों की सियासी जमीन परखना है। प्रवासी प्रभारी विधायकों की क्षेत्र में सक्रियता, स्वीकार्यता और कार्यकर्ताओं से कनेक्ट का फीडबैक लेंगे।
साथ ही पार्टी के भीतर टिकट के दावेदारों की संख्या, उनकी पकड़ और चुनावी क्षमता का भी आकलन होगा। चुनाव से पहले विधायकों के प्रदर्शन के साथ उनकी जीत की संभावनाओं का हिसाब-किताब तैयार किया जाएगा। हालांकि टिकट चयन में इन रिपोर्टों की भूमिका पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर निर्भर करेगी।
चुनावी मशीनरी को देंगे धार
प्रवासी प्रभारी रिपोर्ट तैयार करने के साथ ही बूथ समितियों की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की व्यवस्था, मतदाता संपर्क और पार्टी कार्यक्रमों की निगरानी भी करेंगे। कमजोर बूथों और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर संगठन को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश देंगे। प्रवासी प्रभारी सामाजिक और जातीय समीकरणों के साथ महिला, युवा और विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी की स्वीकार्यता भी परखेंगे।
गुटबाजी से रहेंगे दूर
माना जा रहा है कि दूसरे राज्यों के नेता स्थानीय गुटबाजी और व्यक्तिगत समीकरणों से दूर रहकर अलग-अलग खेमों से संवाद कर सकेंगे। इससे स्थानीय पदाधिकारियों के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर भी सामने आएगा। उनकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व के साथ केंद्रीय संगठन तक पहुंचेगी।
इस प्रयास से भाजपा चुनाव से पहले बूथों की मजबूती, विधायकों की लोकप्रियता और संभावित प्रत्याशियों की राजनीतिक जमीन को परखना चाहती है। उधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि प्रवासी प्रभारी प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक के बाद मोर्चा संभाल लेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।