उत्तराखंड के विकास, कुंभ आयोजन और पर्यटन योजनाओं पर सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी से की चर्चा
पीएम मोदी से सीएम धामी की अहम मुलाकात: उत्तराखंड के विकास, कुंभ आयोजन और पर्यटन योजनाओं पर हुई चर्चा

नई दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मां गंगा की प्रतिमा भेंट करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। सूवि
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने पीएम मोदी को स्थानीय उत्पाद भेंट किए।
कुंभ आयोजन और विकास परियोजनाओं पर पीएम का आभार जताया।
उत्तराखंड में पर्यटन विकास की नई योजनाओं की जानकारी दी।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद भेंट कर वोकल फोर लोकल का संदेश भी दिया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को मां गंगा की प्रतिमा भेंट कर कुंभ की आध्यात्मिक महत्ता को भी प्रदर्शित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष उत्तराखंड की विकास योजनाओं का खाका भी प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री से नई दिल्ली में हुए मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अगले वर्ष होने वाले कुंभ के आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये और एसएएससीआइ के अंतर्गत लगभग 9500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि आरडीएसएस योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 3436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर एटीसी टावर की व्यवस्था और चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर भी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने देहरादून रिंग रोड की लगभग 1200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन और देहरादून-मसूरी रोपवे की अध्ययन एवं वन स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने ऊर्जा, जल विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और आपदा पुनर्निर्माण के क्षेत्र में केंद्र के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
पर्यटन के नए केंद्र विकसित करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कारिडोर के अंतर्गत भी नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की गई है। इसके लिए वेडिंग डेस्टिनेशन नीति और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी के बेलकेदार, टिहरी के अंजनिसैंण एवं टिहरी क्षेत्र और चम्पावत के लोहाघाट एवं श्यामलाताल को तीन नए आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है। शीतकालीन पर्यटन के लिए चारधाम के गद्दी स्थलों से यात्रा शुरू करने की जानकारी भी दी।
स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि हाउस आफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। अमेजन, ओएनडीसी, जियो मार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल मंचों पर भी उत्पादों की बिक्री हो रही है।
ये उत्पाद किए भेंट
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल भेंट किए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।