मां की तस्वीर के साथ ईडी पहुंचे हरीश रावत पर भाजपा का तीखा हमला
भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ईडी के समक्ष अपनी दिवंगत मां की तस्वीर के साथ पेश होने पर ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के अपनी दिवंगत मां की तस्वीर लेकर ईडी के समक्ष पेश होने को लेकर भाजपा ने हमला बोला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने इसे सहानुभूति बटोरने की कोशिश बताया।
उन्होंने कहा कि जांच का सामना करने के बजाय इस तरह की राजनीतिक कवायद से न तो जांच प्रक्रिया प्रभावित होगी और न ही जनता की धारणा बदलेगी। भट्ट ने कहा कि मां सदैव पूजनीय होती हैं और उनके नाम या तस्वीर का राजनीतिक इस्तेमाल उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रावत अपने कार्यकाल से जुड़े मामलों की जांच के बीच राजनीतिक बचाव के लिए भावनात्मक मुद्दों का सहारा ले रहे हैं। भाजपा ने इसे नैतिक रूप से अनुचित बताते हुए कहा कि जांच में तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर जवाब दिया जाना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल में सामने आए कथित घोटालों और अनियमितताओं की जांच का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि कोई गलत नहीं हुआ है तो जांच का सामना करने में डर कैसा।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूकेएसएसएससी परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बीच रावत राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भट्ट ने यह भी कहा कि दिवंगत मां की तस्वीर को लेकर भावनात्मक अपील करने से जांच में उठे सवाल खत्म नहीं होंगे।
उनके अनुसार, जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और इसका फैसला संबंधित प्रक्रिया और न्यायिक संस्थाओं के स्तर पर होना है।
भाजपा ने रावत की इस राजनीतिक रणनीति को लेकर कड़ा विरोध जताया है। भट्ट ने कहा कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अलग जांच में सामने आने वाले तथ्यों का जवाब देना ही उचित रास्ता है।
