यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपाइयों ने फूंका कांग्रेस नेता अधीर रंजन का पुतला, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोश
गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून के कार्यकर्त्ताओं ने सोनिया गांधी माफी मांगों कांग्रेस पार्टी माफी मांगो के नारों के साथ महानगर कार्यालय से एस्लेहाल चौक तक पैदल मार्च भी निकाला। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का पुतला फूंका।

जागरण संवाददता, देहरादून: भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर दून में महानगर भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने कांग्रेस नेता का पुतला फूंका।
महानगर कार्यालय से एस्लेहाल चौक तक निकाला पैदल मार्च
गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून के कार्यकर्त्ताओं ने सोनिया गांधी माफी मांगों, कांग्रेस पार्टी माफी मांगो के नारों के साथ महानगर कार्यालय से एस्लेहाल चौक तक पैदल मार्च भी निकाला। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का पुतला फूंका।
वक्ताओं ने कहा कि देश की प्रथम नागरिक पर इस प्रकार की टिप्पणी करना राष्ट्रद्रोह है। ऐसे में आरोपित कांग्रेस नेता के पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, महामंत्री रतन चौहान, मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंशुल चावला, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जावेद आलम, किसान मोर्चा अध्यक्ष राजेश कंबोज नीटू, युवा मोर्चा पूर्व अध्यक्ष श्याम पंत आदि शामिल रहे।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर
भारतीय जनता पार्टी आंबेडकर नगर मंडल के अध्यक्ष विशाल गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्त्ता शहर कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने कोतवाल विद्याभूषण नेगी को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के विरुद्ध तहरीर दी। मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपत्नी संबोधित किया, जो दुभार्ग्यपूर्ण है।
कांग्रेस उनके विरुद्ध गलत भाव से समाज में अराजकता फैला रही है। कांग्रेस के नेताओं की ओर से उनके प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। जिस पर कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान मंडल महामंत्री विपिन खंडूड़ी, अरुण खरबंदा, युवा मोर्चा अध्यक्ष ऋषभ पाल, अनूप गोयल, हिमेश भटनागर, गिरिशानंद, मुकेश प्रजापति आदि उपस्थित थे।