विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Dhami Cabinet Meeting : मल्लीताल, नैनीताल में लैंड यूज के संबंध में सिंगल आवासीय मद को स्वीकृति, विधानसभा सत्रावसान को म‍िली मंजूरी

By Sunil NegiEdited By:
Published: Wed, 27 Jul 2022 01:39 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 27 Jul 2022 09:29 PM (GMT+05:30)

Dhami Cabinet Meeting पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल की बैठक लगभग डेढ़ महीने बाद बुधवार सायं पांच बजे सचिवालय में हुई। इस दौरान बैठक में स्वास्थ्य शहरी विकास पर्यटन उद्योग राजस्व खाद्य समेत विभिन्न विभागों से संबंधित 28 निर्णय लिए गए।

पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल की बैठक लगभग डेढ़ महीने बाद आज सायं पांच बजे सचिवालय में होगी।
पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल की बैठक लगभग डेढ़ महीने बाद आज सायं पांच बजे सचिवालय में होगी।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल की बैठक लगभग डेढ़ महीने बाद बुधवार सायं पांच बजे सचिवालय में हुई। बैठक में स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन, उद्योग, राजस्व, खाद्य समेत विभिन्न विभागों से संबंधित 28 निर्णय लिए गए।

कैबिनेट के निर्णय

  •  योजना आयोग, राजपत्रित संशोधन सेवा से सम्बन्धित दो नियमावलियों को अनुमोदन प्रदान किया गया।
  •  सिंचाई विभाग के अन्तर्गत उत्तराखण्ड परियोजना विकास एवं निर्माण निगम लि0 को कार्यदायी संस्था के रूप में मंजूरी दी गई।
  •  एक्स-रे टैक्निशियन पद के लिये अब केवल 100 अंको के टैक्निकल टेस्ट को मंजूरी दी गई।
  •  मल्लीताल, नैनीताल में लैण्ड यूज के सम्बन्ध में सिंगल आवासीय मद को स्वीकृति दी गई।
  •  ग्राम विकास विभाग के अन्तर्गत गढ़वाल कुमांयू में रूरल बिजनेस इंक्यूवेटर सेंटर से सम्बन्धित नियमावली, मार्गदर्शी सिद्धान्त को मंजूरी दी गई। सभी जिलों में सूचना केन्द्र के रूप में इंक्यूवेटर सेंटर खोले जायेंगे।
  •  अब मंत्रिमण्डल ऑफिस भी ई-ऑफिस के रूप में कार्य करने की मंजूरी।
  •  वर्ष 2019 उधम सिंह नगर कलैक्ट्रेट कर्मियों के 6 दिन के बहिष्कार अवधि का वेतन अर्जित अवकाश के रूप में आहरण हेतु मंजूरी।
  •  सेवा का अधिकार आयोग से सम्बन्धित वार्षिक प्रतिवेदन को विधानसभा पटल पर रखने की मंजूरी।
  •  एमएसएमई 2015 की नीति के तहत सब्सिडी प्राप्त करने हेतु पहले से पूर्व पंजीकृत होना जरूरी था किन्तु जानकारी के अभाव में इससे संबंधित लगभग 100 लाभार्थी सब्सिडी वंचित रह गये थे। इन लाभार्थी को भी छूट देते हुए सब्सिडी देने की मंजूरी।
  •  एमएसएमई के अन्तर्गत भूखंड बिक्री को सर्कल रेट से लिंक करने की मंजूरी।
  •  विधानसभा सत्रावसान को मंजूरी दी गई।
  •  कौशल एवं सेवायोजन विभाग से सम्बन्धित अनुदेशक सेवा नियमावली 2007 संशोधन की मंजूरी।
  •  केदारनाथ पुनर्निर्माण मास्टर प्लान बनाने वाली फर्म को सोनप्रयाग में भी मास्टर प्लान बनाने को मंजूरी।
  •  किच्छा शुगर मिल से संबंधित वार्षिक प्रतिवेदन को विधानसभा पटल पर रखने की मंजूरी दी गई।
  •  बद्रीनाथ केदारनाथ में कार्य करने वाली पीएमसी का एग्रीमेंट यूटीडीबी के साथ था अब यूटीडीबी के बजाय बद्रीनाथ केदारनाथ उत्थान चैरिटेबल ट्रस्ट के साथ एग्रीमेंट को मंजूरी दी गई।
  •  चीनी मिल गदरपुर की सरप्लस भूमि को सरकारी विभागों की आवश्यकता पूरी करने के बाद अन्य के लिये निस्तारण की मंजूरी।
  •  आवास विभाग में ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (TDR) को लागू किया जायेगा।
  •  अधीनस्थ चयन आयोग समीक्षा अधिकारी, वैयक्तिक सहायक एवं सहायक लेखाकार पद की संविलियन सेवा नियमावली को मंजूरी।
  •  कुमांउ में एम्स सेटेलाईट सेन्टर, किच्छा के समीप 100 एकड़ की भूमि भारत सरकार को निशुल्क देने की मंजूरी।
  •  देहरादून मसूरी रोपवे में टर्मिनल निर्माण में उंचाई वृद्धि के लिये छूट को मंजूरी।
  •  ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रो में मोबाईल टॉवर से सम्बन्धित टॉवर से संबंधित फीस निर्धारण की समस्या का निराकरण किया गया, अब भारत सरकार द्वारा निर्धारित गाईडलाईन को किया अंगीकृत।
  •  उत्तराखण्ड इलैक्ट्रोनिक विज्ञापन मान्यता संशोधन सेवा नियमावली को मंजूरी।
  •  विद्युत नियामक प्राधिकरण से सम्बन्धित प्रतिवेदन विधानसभा पटल पर रखा जायेगा।
  •  केदारनाथ बद्रीनाथ में नये मास्टर प्लान के तहत कन्सलटैंसी शुल्क 3 से बढ़ाकर 4 प्रतिशत करने को मंजूरी।
  • मेट्रो स्टेशन के समीप व्यवसायिक उंचे भवनों को सैद्धान्तिक अनुमति दी गई। जिससे अधिक संख्या में आम जन एक स्थल से मेट्रो स्टेशन तक पहुंच सके।
  •  पहाड़ पर पार्किंग की समस्या के निराकरण के लिये तीन कार्यदायी संस्था को मंजूरी दी गई। टीएचडीसी, आरवीएनएल, यूजेविएनएल को कार्यदायी संस्था के रूप में मंजूरी।
  • हरिद्वार जिला पंचायत चुनाव में ट्रिपल टेस्ट योग्यता निर्धारण के लिये उच्च न्यायालय से अनुरोध किया जायेगा, ताकि जल्द चुनाव हो सके।
  •  उत्तराखण्ड लैंड स्लाइड मिटीगेशन इंस्टीट्यूट से संबंधित नियमावली को मंजूरी दी गई। यह संस्था भूस्खलन को रोकने तथा ट्रीटमेंट पर कार्य करेगी।

जून माह में हुई थी पिछली कैबिनेट की बैठक

दरअसल विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल की लगातार कई बैठकें हो चुकी हैं। अब धामी सरकार निर्णयों के क्रियान्वयन पर अधिक बल दे रही है। मंत्रिमंडल की पिछली बैठक बीते जून माह की 10 तारीख को हुई थी। लंबे समय बाद हो रही बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लग सकती है।

सचिवों के सहायकों की संख्या में की कटौती

धामी सरकार ने अब मितव्ययता की तरफ कदम बढ़ाए हैं। इस कड़ी में अपर मुख्य सचिव से लेकर उप सचिव स्तर तक के अधिकारियों के सचिवालय सहायकों की संख्या में कटौती की गई है।

सचिवालय प्रशासन ने हाल ही में सचिवालय से 100 होमगार्ड हटाए हैं। ये सभी सचिवालय सहायक का कार्य कर रहे थे। हालांकि, इसका कारण इन्हें कांवड़ यात्रा की ड्यूटी पर लगाया जाना बताया गया।

यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि इनकी सचिवालय में वापसी होती है तो इनका भुगतान सचिवालय प्रशासन नहीं, बल्कि होमगार्ड मुख्यालय ही करेगा। सचिवालय में होमगार्ड की संख्या कम होने के साथ ही अब सचिवालय प्रशासन ने अधिकारियों के स्टाफ में भी कटौती शुरू कर दी है।

मंगलवार को सचिव सचिवालय प्रशासन विनोद कुमार सुमन के जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के स्टाफ में पूर्व की भांति 20 सहायक अनुमन्य होंगे। इनमें 16 कार्यालयों व संबद्ध स्टाफ के साथ और चार आवास पर रहेंगे। हर मंत्री को पांच सहायक मिलेंगे।

मुख्य सचिव को पूर्व की भांति ही छह सहायक मिलेंगे। अपर मुख्य सचिव व आयुक्त को अब तीन सहायक मिलेंगे। पहले इन्हें चार सहायक मिलते थे। प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों को अब चार के स्थान पर दो ही सहायक अनुमन्य होंगे। सचिव व प्रभारी सचिवों को तीन के स्थान पर दो सहायक मिलेंगे।

वहीं अपर सचिव को पूर्व की भांति दो सहायक उपलब्ध रहेंगे। संयुक्त सचिव व उप सचिव को दो के स्थान पर एक सहायक मिलेगा। अनुसचिव को पूर्व की भांति एक और अनुभाग स्तर पर दो सहायक रहेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।