कौन हैं दिनेश आर्य? उत्तराखंड में भाजपा ने बनाया राज्य सभा प्रत्याशी, 16 अक्टूबर को मतदान
भाजपा ने उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। ...और पढ़ें

दिनेश आर्य

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उनके नाम पर मुहर लगाई। नाम की घोषणा के साथ ही प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया।
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी के चलते राज्य की एक राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना भी होगी।
24 नामों पर हुई चर्चा
भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर प्रदेश स्तर पर भी मंथन हुआ था। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी में करीब 24 नामों पर चर्चा के बाद केंद्रीय नेतृत्व को 15 नामों का पैनल भेजे जाने की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दी थी। केंद्रीय चुनाव समिति ने अब इनमें से दिनेश आर्य के नाम को अंतिम रूप दिया है।
यह भी पढ़ें- भाजपा की राजनीति में लंबी पारी, अब राज्यसभा की बारी... कुछ ऐसा रहा दिनेश आर्य राजनीतिक सफर
दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी की थी। उस समय उन्होंने स्वयं के वर्ष 2002 से भाजपा में सक्रिय होने की बात कही थी।
आर्य भाजपा सरकार में राज्य पेयजल अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान की स्थिति स्पष्ट होगी। विधानसभा में भाजपा के संख्याबल को देखते हुए पार्टी प्रत्याशी के निर्वाचन की प्रक्रिया अब नामांकन के अगले चरण में पहुंचेगी।
