भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे देहरादून, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार शाम देहरादून पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून पहुंचने पर एयरपोर्ट पर स्वागत करते कार्यकर्ता। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट आदि भी रहे।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार शाम देहरादून पहुंचे। देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

भाजपा मुख्यालय समेत अन्य स्थानों को पार्टी के झंडों और रंगों से सजाया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत गीत और भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए थे।
कार्यकर्ताओं ने संगठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और पार्टी की मजबूती का संदेश दिया। स्थानीय पदाधिकारी और समर्थक भी स्वागत कार्यक्रमों में मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के तहत गुरुवार शाम भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी, जबकि रात आठ बजे मंत्रियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
प्रदेश भाजपा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में धामी ही होंगे भाजपा के सेनापति, नितिन नवीन लगाएंगे सांगठनिक मुहर
यह भी पढ़ें- देहरादून में बूथ अध्यक्ष 'किशोर कुमार' के घर से गूंजेगी भाजपा की सियासी सरगम, नितिन नवीन करेंगे जलपान
