विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चुनाव में समन्वय के साथ जुटेंगे सरकार व संगठन, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सीएम धामी व कौशिक ने दिलाया भरोसा

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Sun, 07 Nov 2021 07:53 AM (IST)Updated: Sun, 07 Nov 2021 10:59 PM (IST)

उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में फिर से परचम फहराने के लिए भाजपा ...और पढ़ें

उत्तराखंड: भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज।
उत्तराखंड: भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज।

राज्य ब्यूरो, देहरादून: उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में फिर से परचम फहराने के लिए भाजपा सरकार और संगठन समन्वय के साथ जुटेंगे। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से वर्चुअली जुड़े मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने केंद्रीय नेतृत्व को यह भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में राज्य में भाजपा दोबारा भारी बहुमत हासिल करेगी। बैठक में बताया गया कि पार्टी इसी माह से प्रदेश में जनसभाओं का सिलसिला शुरू करने जा रही है। यह भी जानकारी दी गई कि चुनाव की दृष्टि से उत्तराखंड से भाजपा नेता चुनावी राज्यों में जाएंगे। इसी तरह वहां से पार्टी नेता यहां आकर चुनाव प्रचार में जुटेंगे।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक वैसे तो पांच चुनावी राज्यों उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा व मणिपुर की रणनीति तय करने को लेकर थी, लेकिन इसमें मुख्य फोकस उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पर रहा। वजह यह कि इन दोनों राज्यों में पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने जोरदार बहुमत हासिल किया था। अब ऐसा ही प्रदर्शन फिर से दोहराने की चुनौती पार्टी के सामने है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दोनों राज्यों में सरकार और संगठन के मध्य बेहतर तालमेल से चुनावी समर में उतरने को कहा गया। यह भी निर्देश दिए गए कि बूथ स्तर तक के कार्यकर्त्‍ताओं को केंद्र व राज्य सरकारों की उपलब्धियों की जानकारी से लैस कर सक्रिय किया जाए। इसके लिए पार्टी के सभी लोग पूरी तैयारी के साथ जुट जाएं। केंद्रीय नेतृत्व चुनाव अभियान की निरंतर समीक्षा करेगा।

सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक चली बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ ही केंद्रीय नेतृत्व से मिला मार्गदर्शन नए जोश का संचार करेगा। राज्य में पांच साल बाद सत्ताधारी दल बदलने का मिथक इस बार टूटने जा रहा है। सरकार और संगठन पूरे समन्वय के साथ कार्य करेंगे। बूथ स्तर के कार्यकत्र्ताओं से लेकर पन्ना प्रमुख तक सभी को सक्रिय किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि बैठक में चुनाव की दृष्टि से अब तक के कार्यों की समीक्षा हुई और आगे की रूपरेखा पर मंथन हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य में जनसभाओं का क्रम शुरू किया जा रहा है, जिन्हें प्रदेश से लेकर केंद्र तक के नेता संबोधित करेंगे। प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए भी अलग से योजना बनाई गई है, जो चुनाव का प्रमुख आधार बनेगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय से मुख्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय भी बैठक से जुड़े।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी बोले- मोदी के पीएम बनने से आमजन का धर्म के प्रति रूझान बढ़ा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।