विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मंत्री हर माह अनिवार्य रूप से करेंगे जिलों का दौरा, विस चुनाव से पहले भाजपा ने कसी कमर

By Edited By:
Published: Sat, 03 Oct 2020 09:31 PM (IST)Updated: Sun, 04 Oct 2020 03:06 PM (IST)

विधानसभा चुनाव में भले ही करीब सवा साल का वक्त हो लेकिन सरकार और भाजपा संगठन ने इसके लिए अभी ...और पढ़ें

भजपा की इस कवायद को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
भजपा की इस कवायद को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

देहरादून, राज्य ब्यूरो। विधानसभा चुनाव में भले ही करीब सवा साल का वक्त हो, लेकिन सरकार और भाजपा संगठन ने इसके लिए अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इस कड़ी में शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश की उपस्थिति में हुई राज्य सरकार के मंत्रियों और भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में जनता से अधिकाधिक संवाद की जरूरत पर बल दिया गया। साथ ही मंत्रियों की जिम्मेदारियां तय की गई। वे नियमित रूप से प्रत्येक बुधवार व गुरुवार को विधानसभा स्थित कार्यालयों में बैठकर जनता की समस्याओं को निबटाएंगे।

साथ ही जिलों के प्रभारी मंत्रियों के लिए हर माह जिले का एक बार भ्रमण अनिवार्य किया गया है। इस कवायद को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। राज्य विधानसभा के 2017 में हुए चुनाव में भाजपा ने 70 में 57 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। अब 2022 में होने वाले विस चुनाव में पार्टी के सामने ऐसा ही प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। इसे देखते हुए अब भाजपा सरकार और संगठन दोनों ने ही चुनाव के लिए कमर कसनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में शनिवार को देहरादून में सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंत्रियों की जिम्मेदारी तय करते हुए जिलों में उनके अधिकाधिक प्रवास, जिला व मंडल स्तर तक के कार्यकत्र्ताओं के साथ बेहतर समन्वय की जरूरत पर बल दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष भगत के अनुसार मंत्रियों से कहा गया कि जिलों में प्रवास के दौरान वे अपने कार्यक्रम की सूचना जिलाध्यक्षों को भी देना सुनिश्चित कराएं। प्रवास के दौरान जिलों में अनिवार्य रूप से रात्रि विश्राम करने के साथ संबंधित जिले की समन्वय टोली के साथ बैठक करने को भी कहा गया। साथ ही जहां भी कार्यक्रम प्रस्तावित है, वहां के मंडल अध्यक्ष को इसकी सूचना दी जाए। साथ ही संबंधित मंडल के किसी भी भाजपा कार्यकत्र्ता के घर पर भोजन या जलपान करने को भी कहा गया।

यह भी पढ़ें: राज्‍यसभा सीट का चुनाव: तय है बंधना जीत का सेहरा, अब बस तय हो जाए चेहरा

सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के मुताबिक बैठक में यह भी तय हुआ कि पूर्व में विधानसभा में मंत्रियों के बैठने की व्यवस्था को फिर से बहाल किया जाए। अब प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को मंत्री विधानसभा स्थित कार्यालयों में बैठकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने बताया कि जिलों के भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री जनता से संवाद कर सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी देंगे। इसके अलावा आत्मनिर्भर भारत और स्वरोजगार के लिए जिलों में स्थापित ग्रोथ सेंटरों का निरीक्षण कर जनसामान्य को स्वरोजगार के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। 

हरक को छोड़ सभी मंत्री रहे मौजूद 

सरकार और संगठन के मध्य हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत को छोड़ अन्य सभी मंत्री मौजूद रहे। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के कारण डॉ. रावत बैठक में भाग नहीं ले पाए। 

कोर कमेटी की बैठक आज

 प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक रविवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में होगी। पार्टी के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों समेत अन्य कई मसलों पर विमर्श किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: भाजपा कोर कमेटी की बैठक शुरू, चुनावी रणनीति के साथ इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।