उत्तराखंड : 'मिशन' 2022 के लिए भाजपा ने गठित की समिति
उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार के मंत्री विधायक दायित्वधारी और पार्टी पदाधिकारी तो जिलों का दौरा कर ही रहे हैं और राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल की अगुआई में समिति गठित कर दी है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार के मंत्री, विधायक, दायित्वधारी और पार्टी पदाधिकारी तो जिलों का दौरा कर ही रहे हैं और अब पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप तैयार करने को राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल की अगुआई में समिति गठित कर दी है। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बीजापुर सेफ हाउस में शनिवार देर शाम आयोजित बैठक से पहले भाजपा नेताओं ने विस चुनाव के संबंध में चर्चा की। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने आगामी विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार करने के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने का एलान किया।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल की अध्यक्षता में गठित की गई समिति में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार व सुरेश भट्ट और सरकार में राज्यमंत्री डा.धन सिंह रावत को सदस्य बनाया गया है। यह समिति विस चुनाव का रोडमैप तैयार करने के साथ ही विभिन्न सुझाव भी पार्टी नेतृत्व को देगी।
गीता ठाकुर ने फिर थामा भाजपा का दामन
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में दायित्वधारी रहीं कांग्रेस नेता गीता ठाकुर ने फिर भाजपा का दामन थाम लिया है। बीजापुर सेफ हाउस में पार्टी की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक से पहले उन्होंने प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी गीता ठाकुर पहले भाजपा में थी और पूर्व में भाजपा शासनकाल में महिला आयोग की उपाध्यक्ष रहीं। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गईं। पिछली कांग्रेस सरकार में वह समाज कल्याण अनुश्रवण समिति की उपाध्यक्ष रहीं। शनिवार को ठाकुर ने फिर से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बीजापुर सेफ हाउस में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार समेत अन्य नेताओं ने पार्टी में उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष भगत ने उन्हें भाजपा का पटका भेंटकर पार्टी में शामिल किया।
यह भी पढ़ें-उत्तराखंड में चुनावी मोड में आई कांग्रेस, संगठन को किया मुस्तैद