सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिले भाजपा महासचिव राम माधव, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने मुख्यमंत्री आवास पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोरोना से बचाव को उठाए कदमों की जानकारी ली।
देहरादून, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने मुख्यमंत्री आवास पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से शिष्टाचार मुलाकात की। भाजपा के थिंक टैंक माधव यहां इंडिया फाउंडेशन के कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद वह मसूरी रवाना हो गए। माना जा रहा कि मुख्यमंत्री के साथ संक्षिप्त चर्चा के दौरान उन्होंने राज्य में कोविड-19 की स्थिति और इसकी रोकथाम को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी ली।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव इंडिया फाउंडेशन के निदेशक भी हैं। शनिवार को यहां पहुंचकर उन्होंने फाउंडेशन की ओर से आयोजित उत्तराखंड यंग थिंकर्स वर्चुअल मीट को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित किया। इसके बाद दोपहर में उन्होंने इंडिया फाउंडेशन के निदेशक शौर्य डोवाल के साथ मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। दोपहर का भोजन करने के बाद माधव मसूरी के लिए रवाना हो गए, जहां विधायक गणोश जोशी ने उनका स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव माधव का रविवार को वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।
इधर, भाजपा के थिंक टैंक कहे जाने वाले माधव की मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा रही। माना जा रहा कि उन्होंने कोविड-19 के अलावा श्रीराम मंदिर निर्माण, हरिद्वार में अगले साल होने वाले कुंभ की तैयारियां, चारधाम यात्र जैसे मसलों पर चर्चा की। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय ने साफ किया कि यह केवल शिष्टाचार मुलाकात थी। दूसरी तरफ, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव का पार्टी स्तर पर कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है। वह निजी दौरे पर आए हैं।
राम मंदिर का शिलान्यास राम राज की स्थापना में अहम कदम
इंडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय महासचिव शौर्य डोभाल ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का शिलान्यास देश में राम राज की स्थापना की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को अब धरातल पर लाने का समय आ गया है, जिसकी शुरुआत पहले ही हो चुकी है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव के साथ शनिवार दोपहर बाद मसूरी पहुंचे इंडिया फाउंडेशन के राष्टीय महासचिव शौर्य डोभाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि धारा 370 हटाने के बाद कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने के बाद वहां पर विकास के लिए प्रशासन काम कर रहा है। नेपाल के साथ आजकल तल्ख हो रहे संबंधों पर शौर्य डोभाल ने कहा कि भारत व नेपाल के बीच सदियों से धार्मिक, सांस्कृतिक संबंध रहे हैं, लेकिन जब दो देशों के बीच लंबी सीमाएं होती हैं तो ऐसे विवाद कहीं न कहीं हो जाते हैं, जिनका प्रयास सरकार के स्तर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने की प्रक्रिया आजादी के बाद शुरू हो गई थी, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में इसको गति नहीं मिल सकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर बनाने की प्रक्रिया को गति दी है।
यह भी पढ़ें: अग्रवाल कार्यकारी अध्यक्ष, सुनील मेसोन बने दून उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री
इससे पहले मसूरी पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव का मसूरी विधायक गणोश जोशी ने गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और होटल में चले गए। इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा आदि शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: अन्य राज्यों से घर लौटे प्रवासियों पर टिकी सियासी दलों की नजरें