विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदरीनाथ-केदारनाथ में बदलेगी चढ़ाने के हिसाब की व्यवस्था, लागू हो सकता है 'जीरो ट्रस्ट' मॉडल

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

एसआईटी की रिपोर्ट के बाद बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में चढ़ावे के प्रबंधन के लिए 'जीरो ट्रस्ट' मॉडल लागू होगा। यह व्यवस्था देश के 14 प्रमुख मंदिरों के अध्ययन पर आधारित है।

बदरीनाथ और केदारनाथ (फाइल)

बदरीनाथ और केदारनाथ (फाइल)

HighLights

  1. चढ़ावे की पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए 'जीरो ट्रस्ट' मॉडल।

  2. देश के 14 प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया गया।

  3. गणना कक्ष में हाई-डेफिनिशन कैमरे और 360 डिग्री निगरानी।

जागरण संवाददाता, देहरादून। देश के प्रमुख बड़े मंदिरों में श्रद्धालुओं की भेंट का हिसाब कैसे रखा जाता है, चढ़ावे की सुरक्षा किसके जिम्मे होती है और लाखों भक्तों की भीड़ के बीच व्यवस्था कैसे संचालित होती है, अब यह व्यवस्था उत्तराखंड के बदरीनाथ व केदारनाथ धाम पर भी लागू हो सकती है।

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी की जांच को गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इन सवालों के जवाब देश के 14 प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं में तलाशे। करीब पांच महीने की पड़ताल के बाद तैयार 300 पन्नों की रिपोर्ट अब शासन को सौंप दी गई है। इसमें बदरीनाथ व केदारनाथ धाम के प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के लिए दूसरे मंदिरों की व्यवस्थाओं के आधार पर सुझाव दिए गए हैं।

एसआईटी ने केवल चढ़ावे की गड़बड़ी की जांच नहीं की, बल्कि यह भी देखा कि देश के प्रमुख मंदिरों में दान की गणना, सुरक्षा, कर्मचारियों की निगरानी और श्रद्धालुओं के प्रबंधन की जिम्मेदारी किस तरह तय की जाती है। अध्ययन में उत्तर और दक्षिण भारत के मंदिरों की प्रशासनिक व्यवस्था, संबंधित कानून और सुरक्षा इंतजामों को शामिल किया गया।

अध्ययन में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम, वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास जैसे संस्थागत प्रबंधन के उदाहरण शामिल रहे। इन मंदिरों में सभी प्रशासनिक जिम्मेदारियां अलग-अलग विभागों के माध्यम से संचालित होती हैं।

सूचना तकनीक, सुरक्षा, स्वच्छता और जनसंपर्क जैसे कामों के लिए विशेषज्ञ व्यवस्था भी अध्ययन का हिस्सा रही। एसआईटी ने इन व्यवस्थाओं को बदरीनाथ धाम के प्रबंधन से जोड़कर देखा। रिपोर्ट में मंदिर समिति के कामकाज में सुधार, जिम्मेदारियों को अधिक स्पष्ट करने व निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई गई है।

चढ़ावे की गिनती में पारदर्शिता का नया मॉडल

देश के प्रमुख मंदिरों में दान सामग्री की गिनती व सुरक्षा के इंतजामों का अध्ययन करने के बाद एसआईटी ने बदरीनाथ के लिए विशेष गणना कक्ष बनाने का सुझाव दिया है। कांच की दीवारों वाला यह कक्ष ऐसा होगा, जहां चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया बाहर से भी देखी जा सके।

कक्ष में हर कोने पर हाई डेफिनिशन कैमरे और 360 डिग्री निगरानी व्यवस्था लगाने की सिफारिश की गई है। कंट्रोल रूम से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सकेगी। नकदी की गिनती और छंटाई के लिए आधुनिक मशीनों, बैंक अधिकारियों की मौजूदगी और रकम को सीधे मंदिर के खाते में जमा करने की व्यवस्था भी सुझाई गई है।

सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा का अलग हिसाब

चढ़ावे में नकदी के साथ सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा भी आती है। एसआइटी ने इनके प्रबंधन के लिए अलग व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया है। आभूषणों का वजन और शुद्धता जांचने के लिए विशेषज्ञ या सरकारी ज्वेलर्स की मदद लेने तथा विदेशी मुद्रा के लिए अलग डेस्क बनाने की सिफारिश की गई है।

गिनती में शामिल कर्मियों और स्वयंसेवकों के लिए बिना जेब वाले कपड़े, प्रवेश-निकास पर तलाशी और मेटल डिटेक्टर जैसी व्यवस्थाओं का भी सुझाव है। उद्देश्य यह है कि चढ़ावे की गणना से लेकर उसके सुरक्षित जमा होने तक हर चरण का रिकॉर्ड और निगरानी सुनिश्चित हो।

दर्शन व्यवस्था में भी तकनीक का सहारा

एसआईटी ने दूसरे मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार और दर्शन व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए इस्तेमाल की जा रही तकनीक का भी अध्ययन किया। रिपोर्ट में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, बायोमेट्रिक टोकन, आरएफआईडी बैंड और कतारों की निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कैमरों जैसी व्यवस्थाओं पर विचार करने का सुझाव है।

अब शासन के फैसले पर नजर

एसआईटी के अध्ययन में काशी विश्वनाथ, वैष्णो देवी, अमरनाथ, स्वर्ण मंदिर, अक्षरधाम, महाकालेश्वर, जगन्नाथ पुरी, रंगनाथस्वामी, वेंकटेश्वर यानी तिरुपति बालाजी, मीनाक्षी अम्मन, बृहदेश्वर, रामनाथस्वामी, पद्मनाभस्वामी और विरुपाक्ष मंदिर शामिल रहे। इन मंदिरों की प्रबंधन व्यवस्था, चढ़ावे की गणना और सुरक्षा इंतजामों को देखकर बदरीनाथ व केदारनाथ धाम के लिए सुझाव तैयार किए गए।

दो जुलाई को बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की थाली की गणना के दौरान अनियमितता सामने आने के बाद सरकार ने एसआईटी गठित की थी। जांच टीम ने बीकेटीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों समेत 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए, सीसीटीवी फुटेज खंगाले व डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई। अब रिपोर्ट शासन के पास है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड को मिली नई रफ्तार: टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी मार्ग पर सफर होगा आसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।