विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला, विधायक काऊ समेत अन्य पर मुकदमा

Published: Sat, 21 Feb 2026 02:09 PM (IST)Updated: Sat, 21 Feb 2026 03:10 PM (IST)

देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में निदेशक अजय कुमार नौड़ियाल पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस ने विधायक समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में शनिवार को दोपहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्राथमिक विद्यालय से जुड़े प्रकरण को लेकर वहां पहुंचे लोगों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौड़ियाल पर जानलेवा हमला कर दिया।

तब रायपुर क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा काऊ भी वहीं मौजूद थे। हमले में घायल नौडि़याल के सिर पर चार टांके आए हैं।

उधर, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर हमले की घटना की शिक्षक संगठनों ने कड़े शब्दों में निंदा की है। साथ ही ऐलान किया है कि विधायक समेत हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा।

वहीं, पुलिस ने इस मामले में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक नौड़ियाल की तहरीर पर विधायक समेत अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी ओर, प्रदेश भाजपा ने घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए विधायक से स्पष्टीकरण लेने की बात कही है।

घटनाक्रम के अनुसार, अस्थल में प्राथमिक विद्यालय के लिए भूमि देने वाले व्यक्ति के नाम पर स्कूल का नाम रखने के मुद्दे पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से वार्ता के लिए कुछ लोग निदेशालय पहुंचे थे।

वार्ता के दौरान उन्होंने विधायक रायपुर को भी मौके पर बुला लिया। विधायक की मौजूदगी में हुई वार्ता के दौरान आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।

इसके बाद हाथापाई व मारपीट शुरू हो गई। निदेशक कार्यालय की कुर्सी, मेज एवं अन्य सामान इधर-उधर फेंक दिया गया। निदेशालय के बाहर लगे गमले भी तोड़ डाले गए।

निदेशालय का मुख्य गेट बंद होने से निदेशालय कार्मिकों और विधायक समर्थकों व अन्य लोगों के बीच करीब एक घंटे झड़प हुई।

हमले में घायल प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को लहुलुहान देख वहां मौजूद कार्मिक भी आक्रोशित हो गए और बाहर से आए लोगों का विरोध करने लगे। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और बीचबचाव किया।

हमले में घायल निदेशक को उपचार के लिए राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।

इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में चौतरफा आक्रोश है। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने घटना के विरोध में धरना शुरू कर दिया। वे विधायक और हमलावरों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मुझे जनहित के कार्यों में हमेशा अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग मिला है। मैंने भी हमेशा उन्हें उचित सम्मान दिया है। इस घटना पर मुझे बेहद अफसोस है। इसके लिए मैं संबंधित पक्षों से माफी मांगता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार, अधिकारी-कर्मचारियों के हितों में कार्य कर रहे हैं। साथ ही सरकार कानून व्यवस्था को लेकर भी हमेशा गंभीर रही है। इसलिए इस प्रकरण में मैं सभी पक्षों से संयम की अपील करता हूं।

उमेश शर्मा काऊ, विधायक रायपुर

विधायक के कहने पर ही कार्यालय का दरवाजा बंद कर मेरे ऊपर जानलेवा हमला किया गया। विधायक के आरोप निराधार हैं। प्राइमरी स्कूल के नाम बदलने संबंधी फाइल शासन को भेजी गई है। इस संबंध में जानकारी देने के बावजूद नियोजित ढंग से मुझ पर हमला किया गया। निदेशालय को भी नुकसान पहुंचाया गया है।

- अजय कुमार नौडियाल, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा निदेशक

यह भी पढ़ें- माता-पिता ने पढ़ाई के लिए बोला, नाराज बेटा देहरादून से पहुंचा वृंदावन

यह भी पढ़ें- देहरादून में डॉक्टर ने अपनी ही रिसेप्शनिस्ट को लगाया चूना, झाड़-फूंक के बहाने सोने के गहने लेकर हुआ फरार

अधिकारी और कर्मचारी इस तरह की घटना को लेकर आक्रोशित हैं।