RIMC एडमिशन एग्जाम में देहरादून के आश्विक ने देश में किया टॉप, पिता पुलिस अफसर... भाई भी होनहार
देहरादून के आश्विक राठौड़ ने राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) की प्रवेश परीक्षा में देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। सैन्य अधिकारी बनने का सपना लेकर भविष्य की तैयारी कर रहे दून के आश्विक राठौड़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कालेज (आरआईएमसी) की प्रवेश परीक्षा में आश्विक ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। जून-2026 में आयोजित परीक्षा में उन्होंने 450 में से 360 अंक प्राप्त किए। आश्विक ओलंपस हाई स्कूल में कक्षा आठ के छात्र हैं।
आरआईएमसीदेश के प्रतिष्ठित सैन्य शिक्षण संस्थानों में शामिल है। यहां कक्षा आठ में प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा में देशभर के छात्र शामिल होते हैं।
परीक्षा में सफल होने के बाद छात्रों को सैन्य वातावरण में शिक्षा और प्रशिक्षण का अवसर मिलता है। ऐसे में अखिल भारतीय स्तर पर पहली रैंक हासिल करना आश्विक के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बड़े भाई से मिली प्रेरणा
आश्विक की इस सफलता के पीछे परिवार में पहले से बना माहौल भी रहा है। उनके बड़े भाई अध्ययन राठौड़ ने भी इसी प्रवेश परीक्षा में आल इंडिया रैंक-3 हासिल की थी। वह वर्तमान में आरआईएमसी में अध्ययनरत हैं। बड़े भाई को इस संस्थान में पढ़ते देखकर आश्विक ने भी वहां प्रवेश पाने का लक्ष्य बनाया। अब पहली रैंक हासिल कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
पुलिस अधिकारी हैं पिता
आश्विक के पिता अशोक राठौड़ उत्तराखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। वह एसएसपी कार्यालय में तैनात हैं। परिवार में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का माहौल भी आश्विक की इस उपलब्धि की पृष्ठभूमि का हिस्सा रहा है।
ओलंपस हाई स्कूल के प्रबंध निदेशक कुनाल शमशेर मल्ला ने आश्विक की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि देशभर में पहली रैंक हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। विद्यालय परिवार को उनकी उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने आश्विक और उनके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।