आसन रामसर साइट में मेहमान परिंदों का संसार, 1500 के करीब पहुंची संख्या... सबसे ज्यादा सुर्खाब
उत्तराखंड की आसन रामसर साइट में प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़कर 1500 के करीब पहुंच गई है, जिसमें सुर्खाब की ...और पढ़ें

रंग-बिरंगे परिंदों का अनूठा संसार देखने पक्षी प्रेमी भी पहुंचने शुरू हो गए. Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, विकासनगर। देश के पहले कंजरवेशन रिजर्व और उत्तराखंड की पहली आसन रामसर साइट में राज्य के मेहमान बने परिंदों की संख्या में इजाफा हुआ है।
सुर्खाब समेत 16 प्रजातियों के प्रवासी परिंदों की संख्या बढ़कर डेढ़ हजार हो गई है। जिससे परिंदों का कलरव बढ़ रहा है। पक्षियों को देखने के लिए पक्षी प्रेमी व पर्यटक जीएमवीएन की बोटिंग का सहारा ले रहे हैं। साथ ही वन विभाग की टीम भी रात दिन की गश्त कर रही है।
आमतौर पर प्रवासी पक्षियों का आगमन सात अक्टूबर से शुरू होता है, लेकिन इस बार सुर्खाब तीन अक्टूबर को ही आसन पहुंच गया। इसके बाद अन्य प्रजातियों के पक्षियों ने भी यहां डेरा डाला।
परिंदों की संख्या में लगातार इजाफा
वर्तमान में आसन में रुडी शेलडक यानी सुर्खाब, ग्रेट इग्रेट, लिटिल इग्रेट, इंडियन स्पाट बिल्ड डक, कामन मोरहेन, ब्लैक विंग्ड स्टिल्ट, ग्रे हेरोन, वूली नेक्टड स्टार्क, कामन कूट, यूरेशियन विजन, गैडवाल, विस्टिलिंग डक, रेड नेप्टड आइबीज, पर्पल हेरोन, स्वाम्पहेन, रेड क्रेसटेड पोचार्ड प्रजातियों के परिंदों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
रंग बिरंगे परिंदों का अनूठा संसार देखने के लिए पक्षी प्रेमी भी पहुंचने शुरू हो गए हैं। हालांकि, चकराता वन प्रभाग अभी तक पक्षियों के बारे में जानकारियां देने के लिए गाइड नहीं रख पाया है, जिसके चलते पक्षी प्रेमियों को परिंदों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पा रही है।
खास बात यह है कि रामसर साइड बने कई साल हो गए, लेकिन वन प्रभाग के अधिकारी अभी तक यहां पर पर्याप्त सुविधाएं नहीं जुटा पाए हैं। रेंजर आनंद सिंह रावत के अनुसार प्रवासी परिंदों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जोड़े में रहना पसंद करता है सुर्खाब
सुर्खाब पक्षी जोड़े में रहना पसंद करता है। ब्राह्मणी बत्तख के नाम से प्रसिद्ध सुर्खाब नारंगी-भूरे रंग का पक्षी है। नर के गले पर काली पट्टी होती है, जबकि मादा का सिर हल्के रंग का होता है और उसके गले पर यह पट्टी नहीं होती।
उड़ान के दौरान इसके काले और सफेद पंख आकर्षक दिखते हैं। इसके पंखों का फैलाव 110 से 135 सेंटीमीटर होता है। यह प्रवासी पक्षी सर्दियों में मध्य एशिया, यूरोप और चीन के ठंडे इलाकों से भारत आता है।
आमतौर पर अक्टूबर में पहुंचकर अप्रैल तक लौट जाता है। भारतीय लोककथाओं में सुर्खाब को चकवा-चकवी से जोड़ा जाता है और प्रेम व विरह का प्रतीक माना जाता है। साहित्य और बोलचाल में सुर्खाब के पर लगना मुहावरा किसी खास गुण या असाधारण योग्यता के लिए इस्तेमाल होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।