अमित शाह ने बढ़ाया सीएम धामी का कद, देहरादून में भाजपा की उपलब्धियों पर लगी मुहर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड राज्योत्सव पर सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और सरकार की उपलब्धियों की ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड राज्योत्सव के मंच से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व को जिस तरह प्रमुखता दी, उसके राजनीतिक मायने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखे जा रहे हैं।
शाह ने राज्य निर्माण का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिया, विकास की दिशा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जोड़ी और वर्तमान उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बार-बार धामी सरकार के फैसलों का जिक्र किया। इस तरह उन्होंने भाजपा के अतीत, वर्तमान और भविष्य को एक राजनीतिक सूत्र में पिरोने का प्रयास किया।
बार-बार धामी सरकार के फैसलों का जिक्र
शाह के भाषण में धामी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को प्रस्तुत किया गया। उत्तराखंड में इसे लागू करने के फैसले को राष्ट्रीय उदाहरण बताते हुए उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
कठोर नकल विरोधी कानून, बिना सिफारिश 35 हजार युवाओं को नौकरी, धर्मांतरण विरोधी कानून और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख कर धामी सरकार की छवि निर्णायक फैसले लेने वाली सरकार के रूप में उभारी।
आर्थिक मोर्चे पर निवेश सम्मेलन के 3.56 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों और एक लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारने का दावा करते हुए शाह ने धामी सरकार की सराहना की।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम सड़क परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन, रोपवे और सीमांत गांवों के विकास जैसी योजनाओं को गिनाकर विकास की निरंतरता का संदेश दिया। महिलाओं के आरक्षण, लखपति दीदी और राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े फैसलों को भी इसी उपलब्धि-पत्र का हिस्सा बनाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।