ऋषिकेश: बहन को विदा कर लौट रहे इकलौते भाई की बाइक रपटने से मौत, मातम में बदली खुशियां
ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर गूलर के समीप सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर अपनी बहन को शादी के बाद ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था।
By Edited By: Published: Fri, 27 Nov 2020 12:04 AM (IST)Updated: Fri, 27 Nov 2020 10:44 AM (IST)
ऋषिकेश, जेएनएन। ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर गूलर के समीप सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर अपनी बहन को शादी के बाद ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था। सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम है।
जानकारी के मुताबिक पट्टी दोगी के नाई गांव निवासी युवती की शादी 25 नवंबर को पौड़ी जिले के माला गांव निवासी युवक से हुई थी। बहन को उसकी ससुराल माला गांव में विदा करने के भाई 14 वर्षीय कुलदीप सिंह पुत्र पूरण सिंह अपने एक रिश्तेदार रविंद्र सिंह (24 वर्ष) पुत्र राजेंद्र सिंह के साथ गुरुवार की दोपहर मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। गूलर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले अचानक उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर रपट गई। दुर्घटना में कुलदीप और रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें 108 आपात सेवा की मदद से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने कुलदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि रविंद्र की स्थित अभी गंभीर बनी हुई है। समाजसेवी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरदार सिंह पुंडीर ने बताया कि कुलदीप चार बहनों का इकलौता भाई था। कुलदीप की सड़क हादसे में मौत के समाचार से क्षेत्र में शोक की लहर है। उन्होंने बताया कि कोविड रिपोर्ट न मिलने के कारण अभी तक स्वजनों को शव नहीं मिल पाया है।
शोक में बदला जश्न का माहौल
चार बहनों का इकलौते भाई कुलदीप की सड़क हादसे में मौत के बाद दोनों घरों में खुशी का माहौल शोक में तब्दील हो गया। स्वजनों ने बताया कि कुलदीप के पिता पूरण सिंह अपने गांव में ही प्लंबर का काम करते हैं। चार बेटियों के बाद घर में कुलदीप का जन्म हुआ था। चौदह वर्षीय कुलदीप परिवार में सबका लाडला था। उन्होंने बताया कि शादी के बाद गुरुवार को वर-वधु को दुरागमन के लिए नाई गांव आना था। घर में इसके लिए पूरी तैयारी की गई थी। मगर, इससे पहले ही घर में यह दुखद खबर आ गई। कुलदीप की दो बहनें अभी अविवाहित हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें