उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए कोठियाल को दें मौका, नवपरिवर्तन वर्चुअल संवाद में जानिए और क्या बोले दिल्ली के मंत्री
भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक कर उत्तराखंड को लूटा है। किसी ने भी उत्तराखंड और यहां की जनता के बारे में नहीं सोचा। उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए सिर्फ एक बार अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को मौका दें।
जागरण संवाददाता, देहरादून: भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक कर उत्तराखंड को लूटा है। अलग राज्य बनने के बाद दोनों दलों के नेताओं ने सिर्फ अपना विकास किया। किसी ने भी उत्तराखंड और यहां की जनता के बारे में नहीं सोचा। उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए सिर्फ एक बार अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को मौका दें। एक बार कर्नल अजय कोठियाल को मौका दें, क्योंकि वह सच्चे देशभक्त हैं। यह बातें आप नेता एवं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने उत्तराखंड की जनता से नवपरिवर्तन वर्चुअल संवाद में कहीं।
शनिवार को वह उत्तराखंड की जनता से वर्चुअल जुड़े और संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश बहुत बड़े आंदोलन के बाद बना, लेकिन कांग्रेस और भाजपा ने बारी-बारी से इस प्रदेश को लूटने का काम किया है। जनता की आशाओं के अनुरूप दोनों दलों ने कोई काम नहीं किया। राज्य में न स्वास्थ्य सुविधाएं हैं और न ही शिक्षा की दुरुस्त व्यवस्था। ऐसे में पलायन मजबूरी बन गया है। उत्तराखंडी दिल्ली व अन्य राज्यों का रुख कर रहे हैं। प्रदेशवासियों की कोई भी उम्मीद पूरी नहीं हो पाई।
उत्तराखंड के कई गांव आज वीरान हो चुके हैं और इसका कारण है रोजगार न मिलना। उन्होंने कहा कि जनता पहले कांग्रेस की सरकार बनाती थी। उससे तंग आकर भाजपा को मौका देती थी। जब भाजपा काम नहीं करती थी तो कांग्रेस को सत्ता में लाती थी। अब जनता आम आदमी पार्टी को सत्ता में लाने पर विचार कर रही है।
यह भी पढ़ें-उत्तराखंड भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक, कैबिनेट मंत्री हरक सिंह नदारद; सियासी गलियारों में फिर हलचल
कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष और महिला अध्यक्ष भाजपा में शामिल
मसूरी : कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष सतीश ढौंढियाल, पूर्व महिला अध्यक्ष के अलावा सभासद गीता कुमाईं, जशोदा शर्मा व अन्य युवा भाजपा में शामिल हुए। कुलड़ी स्थित एक होटल में हुए कार्यक्रम में काबीना मंत्री गणेश जोशी ने सभी को सदस्यता दिलाई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, मदन मोहन शर्मा, मंडलाध्यक्ष मोहन पेटवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जानिए क्यों उत्तराखंड भाजपा में बनाया जा सकता है कार्यकारी अध्यक्ष, लोकसभा चुनाव में भी हो चुका प्रयोग