उत्तराखंड की राजधानी को जाम से मिलेगी निजात, 5.36 करोड़ से बनेगा दो लेन पुल
देहरादून की विजय कॉलोनी में 5.36 करोड़ रुपये की लागत से नया दो लेन पुल बनाया जाएगा, जिसका शिलान्यास कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। विजय कालोनी में 5.36 करोड़ रुपये की लागत से नया दो लेन पुल बनाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को वार्ड-11 में न्यू कैंट रोड पर बनने वाले 30 मीटर स्पान के पुल का शिलान्यास किया। पुल बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
536.10 लाख रुपये होंगे खर्च
राज्य योजना के तहत बनने वाले पुल पर 536.10 लाख रुपये खर्च होंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में गणेश जोशी ने विजय कालोनी से अपने विशेष जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि 2027 की विजयगाथा की शुरुआत इसी वार्ड से होगी। उन्होंने कहा कि यहीं से विजय की नई इबारत लिखी जाएगी।
क्षेत्रवासियों के विश्वास और स्नेह को अपनी ताकत बताते हुए उन्होंने आभार जताया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, मंडल उपाध्यक्ष संजय नौटियाल, पार्षद भूपेंद्र कठैत, कैप्टन सुख बहादुर गुरुंग (सेनि), महामंत्री भावना चौधरी, लोनिवि के अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सड़कों पर भी 2.27 करोड़ खर्च करने की तैयारी
मंत्री ने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाएं बेहतर करने के लिए एमडीडीए के माध्यम से 132 लाख रुपये और मुख्यमंत्री घोषणा के तहत करीब 95 लाख रुपये से सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भी सड़क निर्माण के प्रस्ताव भेजे गए हैं। क्षेत्र में सामुदायिक भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है।
गुणवत्ता और समयसीमा पर अधिकारियों को निर्देश
गणेश जोशी ने कहा कि पुल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पुल निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और काम तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।