Move to Jagran APP

Lockdown 3.0: विदेशों से भी भारत पहुंचे 40 उत्तराखंडी, दिल्ली, कोच्चि व लखनऊ में किया गया क्वारंटाइन

उत्तराखंडवासियों का भी भारत पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कड़ी में छह देशों से 40 यात्री भारत पहुंच गए हैं जिन्हें दिल्ली कोच्चि व लखनऊ में क्वारंटाइन किया गया है।

By Sunil NegiEdited By: Published: Fri, 15 May 2020 04:06 PM (IST)Updated: Fri, 15 May 2020 04:06 PM (IST)
Lockdown 3.0: विदेशों से भी भारत पहुंचे 40 उत्तराखंडी, दिल्ली, कोच्चि व लखनऊ में किया गया क्वारंटाइन

देहरादून, राज्य ब्यूरो। कोरोना काल में विभिन्न देशों में फंसे हुए उत्तराखंडवासियों का भी भारत पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कड़ी में छह देशों से 40 यात्री भारत पहुंच गए हैं, जिन्हें दिल्ली, कोच्चि व लखनऊ में क्वारंटाइन किया गया है। वहीं, प्रदेश में दूसरे राज्यों में फंसे हुए प्रवासी लगातार वापस लाए जा रहे हैं। गुरुवार को भी अहमदाबाद और लेह से रेल व बस के जरिये प्रवासी उत्तराखंड को रवाना हो चुके हैं। अभी तक प्रदेश में वापसी के लिए 2,07,743 यात्री ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें से 68,875 वापस आ चुके हैं।

दूसरे राज्यों में फंसे हुए लोगों के उत्तराखंड आने का सिलसिला जारी है। फंसे हुए लोग ट्रेन, बसों और अपने वाहनों से वापस आ रहे हैं। गुरुवार को भी अहमदाबाद से हरिद्वार के लिए ट्रेन और लेह से देहरादून के लिए बस द्वारा फंसे हुए यात्री उत्तराखंड को रवाना हुए। इनके शुक्रवार तक उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है। शुक्रवार को जयपुर से फंसे हुए यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन हरिद्वार के लिए रवाना होगी। इसके अलावा गुजरात, तेलंगाना, पुणे, सूरत, दिल्ली, गोवा, तिरुअनंतपुरम , चेन्नई और अन्य राज्यों से फंसे हुए यात्रियों को वापस लाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा अन्य राज्यों में जाने के लिए 32591 लोग पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें से 14282 को संबंधित प्रदेशों में भेज दिया गया है। उत्तराखंड आने वाले सभी प्रवासियों को ई-पास भी जारी किए जा रहे हैं।

मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि विदेशों से भी अब उत्तराखंड के प्रवासी भारत पहुंच रहे हैं। अभी तक 40 प्रवासी आ चुके हैं, जिन्हें देश के विभिन्न शहरों में क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक बांग्लादेश से दो, सिंगापुर से एक, सऊदी अरब से एक, फिलिपींस से पांच और यूएई से आने वाले सात यात्रियों को दिल्ली में क्वारंटाइन किया गया है। मालदीव से आने वाले सात प्रवासियों को कोच्चि और यूएई से आने वाले दो प्रवासियों को लखनऊ में क्वारंटाइन किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं को किया जा रहा दुरुस्त

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार दुरुस्त किया जा रहा है। इस कड़ी में 9810 आइसोलेशन बेड और 236 आइसीयू बेड बनाए गए हैं। आवश्यकता पडऩे  पर इनकी संख्या को लगातार बढ़ाया जाएगा।

क्वारंटाइन के नियमों का पालन करें लोग

मुख्य सचिव ने राज्य में आने वाले सभी प्रवासियों से क्वारंटाइन के नियमों का पालन करने की अपील की। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी लोग मास्क पहनें और समय-समय पर सेनिटाइज करते रहें। सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें। लक्षण दिखने पर तुरंत इसकी जानकारी दें ताकि समय रहते इलाज किया जा सके।

इन राज्यों से वापस पहुंचे लोग

दिल्ली - 17,420 हरियाणा- 15481 उत्तर प्रदेश- 13503 चंडीगढ़ - 7395 पंजाब - 3594 महाराष्ट्र - 3560 राजस्थान - 3364 गुजरात- 2738 कर्नाटका-1514 अन्य - 1306

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड लौट रहे प्रवासियों को भी मिलेंगे आजीविका के मौके, ये है योजना

राज्य के भीतर 62874 गए दूसरे जिलों में

लॉकडाउन-तीन में प्रदेश में अभी तक 62874 लोग एक-दूसरे जिलों में गए हैं। इनमें से 30767 अपने गृह जिले वापस आए हैं। इनमें सबसे अधिक 7645 चमोली, 5890 रुद्रप्रयाग व 3496 टिहरी में आए हैं। वहीं सबसे अधिक 7421 देहरादून, 6766 हरिद्वार और 6015 लोग पौड़ी से अपने गृह जिलों को गए हैं।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में प्रवासियों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल, 25 लाख तक के लोन पर इतने फीसद सब्सिडी


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.