बीएसएफ की महिला कांस्टेबल से हैड कांस्टेबल ने की छेड़छाड़, गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल से देहरादून ट्रेनिंग पर आई बीएसएफ की महिला कांस्टेबल से उसी की यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल ने छेड़खानी कर दी।
देहरादून, [जेएनएन]: पश्चिम बंगाल से देहरादून ट्रेनिंग पर आई बीएसएफ की महिला कांस्टेबल से उसी की यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल ने छेड़खानी कर दी। आरोप है कि हेड कांस्टेबल राजपुर के होटल में महिला आरक्षी के साथ ही रुकने की जिद कर रहा था। महिला आरक्षी के शोर मचाने पर होटलकर्मी जुट गए तो हेड कांस्टेबल वहां से फरार हो गया। आरोपित हेड कांस्टेबल को सोमवार दोपहर मसूरी डायवर्जन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी भंगारखत चकराता बीएसएफ की पश्चिम बंगाल की एक यूनिट में तैनात हैं। सुरेंद्र सिंह इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। इधर, महिला कांस्टेबिल रविवार को ट्रेनिंग के लिए देहरादून पहुंची। यहां पहुंच कर उसने सुरेंद्र सिंह को फोनकर होटल आदि दिलाने के लिए मदद मांगी। सुरेंद्र सिंह ने राजपुर इलाके के एक होटल में उसे कमरा दिला दिया।
आरोप है कि रविवार को सुरेंद्र सिंह ने महिला कांस्टेबल को रेलवे स्टेशन से रिसीव किया और साथ लेकर राजपुर के होटल में पहुंचा। यहां सुरेंद्र सिंह काफी देर तक रुका रहा। महिला कांस्टेबल ने जब उसे होटल से जाने के लिए कहा तो सुरेंद्र ने कहा कि वह उसी के साथ होटल में रुकेगा। इस बार दोनों में काफी देर तक बहस हुई, मगर सुरेंद्र सिंह वहीं रुका रहा। बाद में महिला कांस्टेबल ने होटल कर्मियों को बुला लिया और पुलिस कंट्रोल रूम को भी फोन कर दिया, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती सुरेंद्र सिंह वहां से फरार हो गया था। मामले में महिला कांस्टेबिल की तहरीर पर राजपुर थाने में छेड़खानी व अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। आरोपित बीएसएफ के हेड कांस्टेबिल को मसूरी डायवर्जन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता को मिल रहे धमकी भरे पत्र, अरबी भाषा का इस्तेमाल
यह भी पढ़ें: आठ साल की बच्ची से वृद्ध ने किया दुष्कर्म का प्रयास, गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म में दस साल कैद