डेंगू मच्छर के आगे ठंड भी बेअसर, 11 मरीजों में पुष्टि
दून में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंचने के बावजूद मच्छर निष्क्रिय नहीं हो रहा है। देहरादून में शनिवार को ग्यारह मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
देहरादून, जेएनएन। डेंगू मच्छर के आगे ठंड भी बेअसर नजर आ रही है। दून में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंचने के बावजूद मच्छर निष्क्रिय नहीं हो रहा है। अभी भी हर दिन डेंगू के कई-कई मरीज सामने आ रहे हैं। जिससे डॉक्टर भी हैरान हैं। जनपद देहरादून में शनिवार को ग्यारह मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
डेंगू की बीमारी फैलाने वाला एडीज मच्छर पिछले तीन माह से भी अधिक समय से पहाड़ और मैदान में जिस तरह कहर बरपाया है, उससे स्वास्थ्य विभाग की भी नींद उड़ी हुई है। माना जा रहा था कि वातावरण में ठंड की दस्तक के बाद मच्छर की सक्रियता स्वत: ही कम हो जाएगी। लेकिन इस बार ऐसा हुआ नहीं। आए दिन डेंगू के नए मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि पहले की अपेक्षा अब डेंगू की तीव्रता कम पड़ी है।
इसकी चपेट में आने वाले अधिकांश मरीज चार-छह दिन आराम कर स्वस्थ्य हो जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार देहरादून जनपद में अब तक 4792 मरीजों को डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गुप्ता ने बताया कि शनिवार दून अस्पताल में 11 मरीजों में एलाइजा जांच के बाद डेंगू की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें: दून अस्पताल में फिर खड़ा हुआ ऑपरेशन पर संकट Dehradun News
उधर, देहरादून की तरह नैनीताल, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में भी इस बार डेंगू ने खूब कहर बरपाया है। प्रदेशभर में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा नौ हजार तक पहुंचने वाला है। यह स्थिति तब है जब सरकार व विभाग स्थिति सामान्य बताते आ रहे थे।
यह भी पढ़ें: कोरोनेशन अस्पताल में डायलिसिस करा रहे 50 मरीजों में हेपेटाइटिस-सी पॉजीटिव Dehradun News