उत्तराखंड में आवारा कुत्तों का आतंक, खौफ से 10 स्कूलों में चार दिन की छुट्टी
उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ बाजार में आवारा कुत्तों के आतंक से दहशत का माहौल है, जहां दो दिनों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, नारायणबगड़। उत्तराखंड के चमोली जिले में नारायणबगड़ बाजार और आसपास के कस्बाई क्षेत्रों में हमलावर बने आवारा कुत्तों से दहशत का माहौल बना है। बाजार क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।
मंगलवार को भी नाराणबगड़ में चार लोगों को आवारा कुत्ते के काटने के बाद बुधवार को भी पांच लोगों को दूसरे कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया जिसमें दो स्कूल बच्चे भी शामिल हैं।
लगातार दो दिनों में सात लोगों के कुत्ते के काटने की घटनाओं से अब अभिभावकों में भय का माहौल बना है। वहीं इन घटनाओं के बाद यहां के 10 स्कूलों में चार दिन की छुट्टी कर दी गई है।
नौ लोग घायल
दो दिन में हमलावर बने कुत्ते के हमले में केवर गांव निवासी बलबीर राम (60), नारायणबगड़ की अनीता देवी (33), भगोती गांव निवासी महेंद्र सिंह (68) तथा रैंस गांव निवासी भानुप्रकाश (19), दीपांशु 15 साल, मानवी 11 साल, वैष्णवी 14 साल सहित नेपाली मजदूर लक्ष्मी और प्रकाश घायल हुए थे।
सभी को सरकारी अस्पताल में मरहम-पट्टी के बाद रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए थे। बुधवार को भी बाजार क्षेत्र में तीन लोगों को एक अन्य कुत्ते ने काट लिया। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद प्रशासन और वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कुत्ते को पकड़ लिया है। वहीं, बाजार क्षेत्र में मौजूद दो अन्य कुत्तों के भी हिंसक होने की संभावना जताई जा रही है। इन पर भी नजर रखी जा रही है और इन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने के साथ ही यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि हिंसक कुत्तों से आम लोगों और खासकर बच्चों को खतरा न हो।
तहसील प्रशासन की ओर से वन विभाग और पुलिस की मदद से कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने बाजार में आवारा कुत्तों के आतंक से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है।
आवारा कुत्तों ने किया दो स्कूली बच्चों पर हमला, प्रधानाचार्य को सौंपा पत्र
नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा कुत्तों द्वारा दो स्कूली बच्चों को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। घटना से आक्रोशित उत्त्रांचल विद्या निकेतन हाई स्कूल नारायणबगड़ के प्रधानाचार्य ने राजस्व उपनिरीक्षक को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा गया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। इसी कारण आज विद्यालय आ रहे दो बच्चों को कुत्तों ने घायल कर दिया और इस घटना के बाद बच्चो का स्कूल पहुंचना खतरे से खाली नही है सुरक्षा को लेकर वन विभाग और जिम्मेदार समय रहते कदम नही उठा सके है जो चिंताजनक है। इसी तरह आवारा गौवंश भी मुख्य मार्गों पर खतरे को न्यौता दे रहा है।
प्रधानाचार्य ने मांग की है कि प्रशासन अपने स्तर से उचित कार्यवाही करे ताकि बच्चों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पत्र में चेतावनी भी दी गई है कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो विद्यालय के बच्चों व स्टाफ के साथ धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ेगा।
