चमोली के गौचर मेले में दर्शकों को देखने को मिल रहा लोकसंस्कृति श्रीअन्न और नंदा राजजात का अद्भुत संगम
74वें गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खरीदारी का मेलार्थियों ने भरपूर आनंद लिया। मेले ...और पढ़ें
-1794833841317_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जागरण, गौचर (चमोली)। 74वें औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खरीदारी का मेलार्थियों ने भरपूर आनंद लिया। मेले में नंदा देवी राजजात पर आधारित प्रदर्शनी, श्रीअन्न से बने व्यंजन, कवि सम्मेलन और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
नंदा राजजात के 40 वर्षों के अध्ययन की झलक
मेला मंच पर लगी प्रदर्शनी में नंदा देवी राजजात की आस्था, संस्कृति, इतिहास और पर्यावरण के साथ 40 वर्षों की अध्ययन यात्रा को दर्शाया गया। नंदा राजजात 2026 का मानचित्र भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें नौटी से होमकुंड तक के पड़ावों और हिमालयी यात्रा की झलक थी।
श्री नंदा देवी राजजात संग्रहालय के सचिव भुवन नौटियाल ने बताया कि वर्ष 1984-85 से राजजात और उससे जुड़े अध्ययनों को समाज तक पहुंचाने तथा परंपरा को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करने का प्रयास जारी है।
स्व. प्रकाश पुरोहित ‘जयदीप’ के चित्रों में माँ नंदा की डोली, त्रिशूल, छंतोली, चौसिंग्या खाडू और हिमालयी परिवेश उकेरा गया। डॉ. सुभाष चंद्र पुरोहित के पर्यावरण संदेशों में गौ माता बचाने, पालिथिन हटाने, कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छ यात्रा मार्ग पर जोर दिया गया।
डॉ. शिवानी की कलाकृतियों में भक्ति और आधुनिक कला का मेल दिखा। आईटीबीपी गौचर के उप-समादेष्टा जयंती और कु. बहुरा ने इसे ऐतिहासिक, धार्मिक और आस्था से जुड़ी 280 किलोमीटर की पैदल यात्रा बताया।
श्रीअन्न के व्यंजन बने आकर्षण
कृषि एवं उद्यान विभाग के स्टाल पर किसानों को आधुनिक तकनीकों और योजनाओं की जानकारी दी गई। उद्यान विभाग ने कीवी मिशन, एप्पल मिशन, मशरूम उत्पादन और पॉलीहाउस योजनाओं की जानकारी दी।
कृषि विभाग के स्टाल पर मंडुवा, झंगोरा, कौणी, रामदाना और चीना से बने रामदाना-अखरोट मफिन, झंगोरा की बर्फी, केक, चीना-बादाम का हलवा, अमरंथ की जेली और मंडुवे की बाल मिठाई प्रदर्शित की गई।
राजन गुसांई ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को श्रीअन्न से मिठाई और बेकरी उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।
कृषि विभाग की गोष्ठी में पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने काश्तकारों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। अधिकारियों राजेश खेतवाल, राजन सिंह गुसाईं और दिनेश सिंह रावत ने योजनाओं तथा कृषि उपकरणों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी।
कवियों ने ज्वलंत मुद्दों पर कसे तंज
कलश संस्था के गढ़वाली कवि सम्मेलन में संयोजक एवं संचालक ओम प्रकाश सेमवाल सहित जनकवियों ने तंत्र की कार्यप्रणाली पर व्यंग्य किए। मुरली दीवान, जगदम्बा प्रसाद चमोला, बृजेश रावत और उपासना सेमवाल ने विकास, मोबाइल और नशे, युवा पीढ़ी तथा उत्तराखंड आंदोलन जैसे मुद्दों पर रचनाएं सुनाईं।
लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोक जागर गायिका डॉ. पम्मी नवल, रोहित चौहान और अनीषा रांगड़ के नाम रही। पम्मी नवल ने द्रौपदी स्वयंवर और भगवती से जुड़े लोकगीत-जागर प्रस्तुत किए।
दिन में अरविंद कुमार और उनकी टीम, पवन लोमियाल, जय मां जय मां पथवार नन्दा कला मंच गैरसैंण तथा अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग एवं मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल सहित मेला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- चमोली जिले में रिवर्स पलायन कर गांव लौटे नीरज, एरोपोनिक्स तकनीक से गोपेश्वर में उगा रहे केसर
यह भी पढ़ें- चमोली में थराली फायर सर्विस की तत्परता से टली बड़ी अग्नि दुर्घटना, दो लोग बचाए गए
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।