औली में पर्यटकों की आमद से बढ़ी रौनक, अभी पहली बर्फबारी का इंतजार
शीतकाल की शुरुआत के साथ औली में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है, जो हिमालयी सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। स्थानीय कारोबारी भी पहली बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं।

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली पहुंचे पर्यटक
HighLights
औली में शीतकाल में पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि हुई।
पर्यटक हिमालयी दृश्यों और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे।
स्थानीय कारोबारी पहली बर्फबारी से पर्यटन बढ़ने की उम्मीद में।
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर। शीतकाल की शुरुआत के साथ पहाड़ों की खूबसूरत वादियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। चमोली के प्रमुख पर्यटन स्थल औली में इन दिनों सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटक हिमालय की चोटियों, प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का आनंद ले रहे हैं। पर्यटकों के साथ स्थानीय कारोबारियों को भी विंटर सीजन की पहली बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार है।
मैदानी क्षेत्रों में बढ़ते प्रदूषण और बदलते मौसम के बीच सैलानी पहाड़ों की स्वच्छ आबोहवा और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। औली के अलावा चमोली के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आमद बढ़ी है।
परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने आए लोग यहां की वादियों को कैमरों में कैद कर रहे हैं।विश्व प्रसिद्ध औली में चेयरकार, स्नो स्कूटर, बुग्याल और कृत्रिम झील पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं।
चेयरकार से सैलानी हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों और आसपास के प्राकृतिक नजारों का दीदार कर रहे हैं। चेयरकार प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद डिमरी ने बताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने चेयरकार की सवारी कर हिमालय की वादियों का आनंद लिया।
स्थानीय कारोबारी अजय भट्ट का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल, होमस्टे, टैक्सी और अन्य पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को राहत मिली है। उन्हें उम्मीद है कि अच्छी बर्फबारी होने पर देश-विदेश से और पर्यटक औली पहुंचेंगे। बर्फबारी के बाद यहां सैलानियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। विंटर टूरिज्म की रौनक अब मौसम पर निर्भर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।