विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीएम अपूर्वा पांडे ने किया पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक का निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाएं होंगी बेहतर

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:58 PM (IST)

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक का निरीक्षण कर इसे सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटकों ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बागेश्वर। पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक को सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने मंगलवार को प्रशासनिक और संबंधित विभागों की टीम के साथ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर शीघ्र सुधार और पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए।

खाती गांव से पिंडारी ग्लेशियर जीरो प्वाइंट तक पैदल मार्ग की एक तरफ की दूरी करीब 26 किलोमीटर और आने-जाने की दूरी 52 किलोमीटर है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से खतरनाक स्थलों का निरीक्षण कर जरूरी सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यटकों से बातचीत कर उनके अनुभव और सुझाव जाने। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा में उन्होंने ट्रेकिंग से स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रिंगाल के पर्यावरण अनुकूल संकेतक बोर्ड तैयार कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कपकोट को ट्रेक मार्ग का विस्तृत विवरण तैयार करने को कहा।

इसमें प्रमुख पड़ावों, उपलब्ध संसाधनों और आपदा के समय उपयोगी जानकारियों को शामिल किया जाएगा। सुंदरढूंगा और कफनी ग्लेशियर ट्रेक मार्गों का तकनीकी निरीक्षण कर सुरक्षा और सुगमता के लिए जरूरी कार्यों की रूपरेखा बनाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि ट्रेकिंग मार्गों पर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन सुविधाएं मजबूत कर बागेश्वर को साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। इससे स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।

निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, उपजिलाधिकारी अनिल चनियाल, पुलिस उपाधीक्षक राजेश सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अंकित नौटियाल, खाती के ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह दानू सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बागेश्वर में खाई में गिरी कार, चालक का अनोखा जवाब, 'गाड़ी गिरती रहती है, घर आओ स्वागत है'

यह भी पढ़ें- बागेश्वर के बदियाकोट भगवती मंदिर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चार करोड़ का नुकसान, CM धामी ने दिए पुनर्निर्माण के निर्देश