बागेश्वर में खाई में गिरी कार, चालक का अनोखा जवाब, 'गाड़ी गिरती रहती है, घर आओ स्वागत है'
बागेश्वर में आरे-दयागन मोटर मार्ग पर एक निजी वाहन खाई में गिर गया, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन दल ने ...और पढ़ें
-1792475935901_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। जिले में सोमवार देर शाम एक निजी वाहन आरे-दयागन मोटर मार्ग में गांवली गैर के समीप खाई में गिर गया। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। खाई में कोई घायल या अन्य व्यक्ति फंसा तो नहीं है, इसकी तलाश में करीब डेढ़ घंटे तक अभियान चलाया गया, लेकिन कोई नहीं मिला।
बाद में वाहन के नंबर से उसके स्वामी और चालक लाल सिंह का पता लगाया गया। पुलिस ने फोन कर उनसे हादसे के बारे में पूछा तो उनका जवाब था, ‘गाड़ी गिरती रहती है।’ उन्होंने यह भी बताया कि वाहन वह स्वयं चला रहे थे और सुरक्षित हैं।
साथ ही पुलिस को घर आने का न्योता देते हुए कहा, ‘आओ, आपका भी स्वागत है।’ वाहन गिरने के बाद आसपास मौजूद महिलाओं ने स्थानीय लोगों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी थी।
इसके बाद पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और खाई में संभावित घायलों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद भी जब कोई नहीं मिला तो वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके स्वामी का पता लगाया गया।
पुलिस के फोन करने पर वाहन स्वामी ने बताया कि हादसे के समय वह स्वयं गाड़ी चला रहे थे और सुरक्षित हैं। उनके अनुसार, वाहन में उनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति नहीं था।
ऐसे में सवाल उठता है कि दुर्घटना के बाद चालक मौके पर क्यों नहीं मिला और क्या हादसे के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी? कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
